
मुंबई: चुनाव आयोग ने उद्धव ठाकरे गुट से सोमवार (10अक्टूबर) तक चुनाव चिन्ह का विकल्प बताने के लिए कहा है। चुनाव आयोग ने उद्धव ठाकरे गुट को बड़ा झटका देते हुए अंधेरी उपचुनाव के लिए शिवसेना का चुनाव चिन्ह फ्रीज कर दिया। अंधेरी उपचुनाव में अब शिवसेना धनुष-बाण के निशान पर चुनाव नहीं लड़ सकती है। ऐसे में एक बड़ी खबर सामने आ रही। उद्धव ठाकरे ने आयोग के सामने चुनाव चिन्ह के तीन विकल्प दिए हैं।
आपको बता दे कि,ठाकरे गुट के साथ विचारधारा के हिसाब से चुनाव चिन्ह के मेल न खाने का फंसा पेंच और फंस गया है। आयोग ने कहा है कि उसके पास जो फ्री सिंबल मौजूद हैं, उनमें से ही ठाकरे और शिंदे गुट से चिन्ह चुनना है। ठाकरे गुट चुनाव चिन्ह की सूची चुनाव आयोग को भेजने की तैयारी में है।
चुनाव आयोग ने क्या कहा?
चुनाव आयोग ने शनिवार (8 अक्टूबर) को अंतरिम फैसला देते हुए कहा कि अंधेरी ईस्ट के उपचुनाव में उद्धव ठाकरे गुट या शिंदे गुट में से कोई भी शिवसेना के तीर-कमान वाले निशान का उपयोग नहीं करेगा। चुनाव आयोग ने दोनों गुटों से कहा कि वे उपचुनावों के लिए अधिसूचित फ्री सिंबल की लिस्ट से अलग-अलग चुनाव चिन्ह चुनें और दस तारीख तक बता दें। चुनाव चिन्ह के मसले पर उद्धव ठाकरे गुट ने रविवार (9 अक्टूबर) को बैठक बुलाई थी। ऐसी भी अटकलें आईं कि ठाकरे चुनाव आयोग के अंतरिम फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जा सकते हैं।
अंधेरी ईस्ट सीट पर उपचुनाव
मुंबई की अंधेरी ईस्ट विधानसभा सीट से शिवसेना के रमेश लटके विधायक थे। पिछली 12 मई को दुबई में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था, जिसके बाद सीट रिक्त हो गई। रमेश लटके 52 साल के थे और अपने परिवार से साथ छुटटियां मनाने दुबई गए थे। चुनाव आयोग ने हाल में छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव कराने की तारीख की घोषणा की थी, जिसमें अंधेरी ईस्ट विधानसभा सीट भी शामिल थी। चुनाव आयोग के मुताबिक, अंधेरी ईस्ट समेत बाकी राज्यों की सीटों पर तीन नवंबर को उपचुनाव कराए जाएंगे और नतीजे छह नवंबर को घोषित किए जाएगे।
Leave a comment