अनमोल बिश्नोई के अमेरिका से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू, सलमान खान के घर पर फायरिंग मामले में है वॉन्टेड

अनमोल बिश्नोई के अमेरिका से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू, सलमान खान के घर पर फायरिंग मामले में है वॉन्टेड

Extradition Of Lawrence Bishnoi Brother:मुंबई क्राइम ब्रांच ने वॉन्टेड गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अनमोल बिश्नोई, जो कि साबरमती जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई है, इस समय अमेरिका में छिपा हुआ है।

हाल ही में, अनमोल बिश्नोई का नाम राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की मोस्ट वॉन्टेड सूची में जोड़ा गया है। इसके साथ ही, उसके बारे में जानकारी देने पर 10 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है। आजतक की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई पुलिस के सूत्रों ने बताया है कि अमेरिकी अधिकारियों ने अनमोल की अमेरिका में मौजूदगी की पुष्टि की है।

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी वॉन्टेड

अनमोल बिश्नोई के खिलाफ 17 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें सलमान खान फायरिंग केस भी शामिल है। वह पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्या कांड में भी वॉन्टेड आरोपी है। पुलिस के अनुसार, अनमोल ने मूसेवाला की हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों की आपूर्ति की थी।

इसके अतिरिक्त, 13 अक्टूबर को एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या में आयातित पिस्तौल का इस्तेमाल हुआ था, जिसकी सप्लाई भी अनमोल बिश्नोई द्वारा की गई हो सकती है। सूत्रों ने यह भी बताया कि अनमोल बिश्नोई बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वॉन्टेड आरोपियों में से एक के संपर्क में था, जिससे उसकी हत्या की साजिश में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने मुंबई सेशन कोर्ट को भी सूचित कर दिया है और आगे की प्रक्रिया के लिए प्रत्यर्पण की फाइल केंद्र को भेजी जाएगी।

कौन है अनमोल बिश्नोई?

अनमोल बिश्नोई, जिसे भानु के नाम से भी जाना जाता है, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई है और सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी आरोपी है। जांच एजेंसी ने 2023 में उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। रिपोर्टों के अनुसार, अनमोल ने फर्जी पासपोर्ट का उपयोग करके भारत से भागने की योजना बनाई थी।

अनमोल बिश्नोई कथित तौर पर अपने ठिकाने बदलता रहता है। पिछले साल उसे केन्या और इस साल कनाडा में देखा गया था। उसकी आपराधिक गतिविधियों की संख्या 18 तक पहुंच गई है, और वह जोधपुर जेल में भी रह चुका है। उसे 7 अक्टूबर 2021 को जमानत पर रिहा किया गया था।

Leave a comment