
Wayanad Landslide: केरल के वायनाड में भूस्खलन से भारी तबाही हुई है। जानकारी के मुताबिक, इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 60लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, सैकड़ों लोग अभी भी फंसे हुए हैं। इस बीच भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने भारतीय सेना प्रमुख से बात की और उनसे केरल के भूस्खलन प्रभावित वायनाड में सहायता और बचाव के लिए सेना तैनात करने को कहा। अब वायनाड में सेना की टीमें मौके पर पहुंच रही हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
वायनाड में हुए हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी से लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आदि कई नेताओं ने दुख जताया है। PMमोदी ने केरल के मुख्यमंत्री से बात की है। PMने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजे का ऐलान किया है। इस हादसे पर जेपी नड्डा, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं ने दुख जताया है।
कहां हुआ है सबसे ज्यादा नुकसान?
भूस्खलन से सबसे ज्यादा नुकसान चुरलमाला और मुंडक्कई गांव में हुआ है। इन दोनों गांवों का एक हिस्सा भूस्खलन के कारण बह गया है। यहां एक रिसॉर्ट और कुछ होम स्टे समेत कई घर लैंड स्लाइड के मलबे में दब गए हैं। नदी पर पुल टूटने के कारण बचाव दल मुंडक्कयी गांव तक नहीं पहुंच पा रहा है। प्रतिकूल मौसम के कारण हेलीकॉप्टर भी वहां नहीं पहुंच पा रहे हैं। खबरों के मुताबिक, चुरल माला शहर में एक पुल ढह जाने से करीब 400 परिवार फंसे हुए हैं।
Leave a comment