‘राजनीति में हर वक्त एक जैसा नहीं होता...’, पूर्व CM वसुंधरा राजे का छलका दर्द

‘राजनीति में हर वक्त एक जैसा नहीं होता...’, पूर्व CM वसुंधरा राजे का छलका दर्द

Vasundhara Raje News: राजस्थान में भाजपा के समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का दर्द छलक कर सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में हर वक्त एक जैसा नहीं होता। हर किसी को उतार-चढ़ाव से गुजरना पड़ता है। दरअसल, शनिवार को राजस्थान BJPके नए प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का पदभार ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान BJPकी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस मौके पर उन्होंने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को बधाई दी और कहा कि मदन राठौड़ जैसे ईमानदार कार्यकर्ता को BJPकी कमान सौंपने के लिए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा और केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद देना चाहती हैं।

कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति में हर समय एक जैसा नहीं होता। हर किसी को उतार-चढ़ाव से गुजरना पड़ता है। राजनीति में तीन महत्वपूर्ण बातें हैं। वे पद, वस्तु और कद हैं। पद और कद हमेशा नहीं रहते, लेकिन नेता कार्यकर्ताओं के बीच रहे तो उसका कद बना रहता है। राजनीति की राह आसान नहीं है। इसमें कई झटके लगे हैं, लेकिन हमें पार्टी में रहकर इसके लिए काम करना होगा।'

इन लोगों को संभालना आसान नहीं’

वसुंधरा राजे ने राठौड़ को बधाई देते हुए कहा कि राठौड़ की राह आसान नहीं है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर इशारा करते हुए कहा,इन लोगों को संभालना आसान नहीं है। हमारा नारा है 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास'।अतीत में कई लोग इसे पूरा करने में असफल रहे हैं।

बता दें कि, पिछले राजस्थान विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद BJPने वसुंधरा राजे को झटका देते हुए सांगानेर से पहली बार विधायक बने भजन लाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाया था। विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को शुरू से ही झटके पर झटके लग रहे थे।इस चुनाव से पहले ही BJPने उन्हें किनारे कर दिया था और मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं बनाया था। इसके अलावा उनके समर्थकों के टिकट भी काट दिए गए, जिससे राजनीति में काफी उथल-पुथल मच गई। अब उनके द्वारा दिए गए ताजा बयान को भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।

 

Leave a comment