
India China Direct Flights: भारत और चीन के बीच एक बार फिर सालों बाद सीधी उड़ानें शुरू की जाएंगी। इसे लेकर चीन ने कहा कि वे भारत के साथ मिलकर जल्द से जल्द सीधी उड़ान के लिए बातचीत कर रहे हैं। इस खबर से दोनों देशों के बीच रिश्तों में सुधार की नई उम्मीद बताई जा रही है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा कि "हम भारत के साथ लगातार संपर्क में हैं, ताकि दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें जल्द शुरू हो सकें।" उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर दोनों पक्ष गंभीरता से काम कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि 31 अगस्त से 1 सितंबर तक तियानजिन में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सम्मेलन के दौरान इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
दोनों देशों ने लिया ये फैसला
लिन जियान ने कहा कि सीधी उड़ानें शुरू होने से दोनों देशों के बीच यात्रा आसान होगी और आपसी सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों देश नेताओं के बीच हुए समझौतों को लागू करने के लिए काम कर रहे हैं। हाल ही में रूस के कजान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात के बाद दोनों देशों ने फिर से अपने रिश्ते को सुधारने का फैसला लिया।
चीन ने भारत के साथ रिश्तों को और मजबूत करने की इच्छा जताई। लिन ने कहा कि भारत और चीन दोनों बड़े विकासशील देश हैं और ग्लोबल साउथ के अहम सदस्य हैं। ड्रैगन और हाथी का एक-दूसरे का साथ देना दोनों के लिए सही फैसला है। उन्होंने आगे कहा कि दोनों देशों को आपसी सहयोग बढ़ाना, मतभेदों को समझदारी से सुलझाना और एससीओ जैसे मंचों पर साथ काम करना चाहिए।
क्या होगा फायदा?
पिछले 4 साल से लद्दाख में सैन्य तनाव के कारण दोनों देशों के रिश्ते सही नहीं थे, लेकिन अब उड़ानों की शुरुआत और उच्च-स्तरीय बातचीत से रिश्ते फिर से ठीक होने की उम्मीद है। अगर उड़ानें शुरू होती हैं, तो यह दोनों देशों के लोगों के लिए न सिर्फ यात्रा को आसान बनाएगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देगा।
Leave a comment