
Holi In UP: उत्तर प्रदेश में होली और जुमे के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कुछ जिलों में उन मस्जिदों को तिरपाल से ढका गया है, जो जुलूस वाले मार्गों पर आती हैं। इनमें शाहजहांपुर, संभल और अलीगढ़ प्रमुख हैं।
शाहजहांपुर, संभल और अलीगढ़ में विशेष सतर्कता
शाहजहांपुर में पारंपरिक ‘लाट साहब’ होली जुलूस के मार्ग पर स्थित करीब 20मस्जिदों को ढका गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कुल 67मस्जिदों को कवर किया गया है। संभल में करीब 10मस्जिदों को तिरपाल से ढका गया है। अलीगढ़ में अब्दुल करीम चौराहा, कनवरीगंज और दिल्ली गेट चौराहे पर स्थित मस्जिदों को भी ढका गया है।
संभल में पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर हैं। शहर में 250सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और ड्रोन से निगरानी हो रही है। संभल के डीएम डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि 29सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जो लगातार सुरक्षा पर नजर रख रहे हैं।
अलीगढ़ में एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने कहा कि यह प्रक्रिया पहले भी अपनाई जाती रही है और इसका उद्देश्य सभी समुदायों के बीच सौहार्द बनाए रखना है। स्थानीय निवासी मोहम्मद जाकिर ने प्रशासन के इस कदम को शांति बनाए रखने के लिए सराहनीय बताया।
नमाज के समय में बदलाव, इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया की एडवायजरी
राज्य के 14जिलों में जुमे की नमाज के समय में बदलाव किया गया है। इनमें शाहजहांपुर, संभल, जौनपुर, मिर्जापुर, ललितपुर, औरैया, लखनऊ, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, उन्नाव, बरेली, सोनभद्र और अयोध्या शामिल हैं।
इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने लोगों से शांति बनाए रखने और सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है।
पुलिस की कड़ी निगरानी, फ्लैग मार्च भी किया गया
बरेली के मलूकपुर में भी मस्जिदों को ढका गया है और पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। शाहजहांपुर में 3500पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। चंदौली समेत कई अन्य जिलों में भी संवेदनशील इलाकों में सख्त निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि ये सभी कदम केवल शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए उठाए गए हैं। अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं ताकि होली और जुमे के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
Leave a comment