Delhi Rain: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मंगलवार को एक बार फिर तेज बारिश का दौर जारी है। दिल्ली के कई हिस्सों में सुबह से ही मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ घंटों तक दिल्ली-NCR में बारिश का दौर जारी रह सकता है। बारिश के साथ कई इलाकों में हल्की आंधी और बिजली कड़कने की भी संभावना है। दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई। लोनी देहात, हिंडन एयर फोर्स स्टेशन, इंदिरापुरम, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और मानेसर में तेज बारिश। इसके अलावा यमुनानगर, पानीपत, गन्नौर, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, झज्जर, फरुखनगर, सोहना, बड़ौत और खेकड़ा समेत आसपास के इलाकों में भी बारिश हुई।
कई इलाकों में जलभराव और जाम
लगातार बारिश के कारण दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सड़कों पर पानी भरने से ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई है। ऑफिस जाने वाले लोगों और स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। इससे पहले सोमवार को भी दिल्ली के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई थी। मंगलवार को दोबारा हुई भारी बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। जलभराव के कारण कई जगह यातायात प्रभावित हुआ है।
गुरुग्राम प्रशासन ने दी सलाह
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए गुरुग्राम प्रशासन ने 25 अगस्त को स्कूलों और दफ्तरों के लिए वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी है। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। दिल्ली के अलावा केरल के कुछ जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान कई जगहों पर मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने और बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Also read: Gold-Sliver Rate Today 25 August 2026: आज फिर बदले सोने-चांदी के दाम, सोना ₹1.63 लाख तो चांदी ₹2.44 लाख के पार