
Murder in Yamunanagar: हरियाणा के यमुनानगर के जगाधरी की गंगानगर कॉलोनी में 18वर्षीय सुफियान की चार से पांच युवकों ने तेज धार हथियार से हत्या कर दी। सुफियान हाल ही में हत्या के एक मामले में जेल से पैरोल पर बाहर आया था। घटना की सूचना मिलते ही जगाधरी पुलिस, सीआईए-2टीम, और डीएसपी राजीव मिगलानी मौके पर पहुंचे।
सुफियान पिछले चार-पांच महीने से हत्या के एक मामले में जगाधरी जेल में सजा काट रहा था। वह कुछ दिन पहले ही पैरोल पर अपने घर आया था। घटना के दिन दोपहर बाद गंगानगर कॉलोनी में सुफियान और कॉलोनी के चार-पांच युवकों के बीच गुल्ली-डंडा खेलते समय कहासुनी हो गई। खेल के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, और आरोपी युवकों ने सुफियान का पीछा किया। जब सुफियान सड़क किनारे गिर पड़ा, तो आरोपियों ने उस पर तेज धार हथियारों से हमला कर दिया। हमले की वजह से सुफियान की मौके पर ही मौत हो गई।
फर्नीचर का काम करता था मतृक
मृतक की भाभी इसराना ने बताया कि वह घर पर थी जब पड़ोसियों ने आकर बताया कि सुफियान पर हमला हुआ है। उन्होंने बताया कि सुफियान फर्नीचर का काम करता था और हाल ही में जेल से परोल पर घर आया था। पड़ोसियों ने बताया कि हमले के बाद पुलिस सुफियान को अस्पताल ले गई, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए जगाधरी थाना, बूडिया पुलिस चौकी, और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। डीएसपी राजीव मिगलानी ने बताया कि हत्या के लिए इस्तेमाल किए गए हथियारों और घटनास्थल से सबूत जुटाने का काम किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जगाधरी सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
इस घटना से गंगानगर कॉलोनी के वासियों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। डीएसपी मिगलानी ने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment