Haryana News: सोनीपत में नाबालिग लड़की की संदिग्ध हालात में मौत, पुलिस ने चिता की आग बुझा कर कराया पोस्टमार्टम

Haryana News: सोनीपत में नाबालिग लड़की की संदिग्ध हालात में मौत, पुलिस ने चिता की आग बुझा कर कराया पोस्टमार्टम

Haryana News:हरियाणा के सोनीपत के गांव जुआं में बीती रात को एक 15 साल की लड़की की तबीयत अचानक से खराब हो गई थी। उसे उल्टियां आ रही थी। परिजन उसे अस्पताल ला रहे थे तो उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसके शव को रात को घर पर ही रख दिया गया। सोमवार सुबह पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। लड़की 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। जुआं गांव में लड़की का अंतिम संस्कार किया ही जा रहा था कि पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि उनको सूचना मिली है कि लड़की की हत्या की गई है। ग्रामीणों ने हत्या की बात को नकारा। पुलिस को कहा गया कि वह शव का पोस्टमॉर्टम करा लें। इसके बाद पुलिस ने फायर ब्रिगेड की गाड़ी को श्मशान घाट बुलाया और चिता की आग को पानी से बुझा कर लड़की का शव निकाला गया।

जुआं गांव के पूर्व सरपंच विनोद कुमार ने बताया कि लड़की की मौत सामान्य तौर पर हुई है। शाम की 5-6 बजे की बात है। शायद लड़की ने कुछ उल्टा सुल्टा खा लिया। उसे उल्टी आ रही थी। लड़की के घरवालों का फोन आया कि प्रधान जी गाड़ी लेकर आ जाओ, लड़की की तबीयत खराब है, उसे उल्टी लग रही हैं, कुछ खा पी न लिया हो। वह मौके पर पहुंचा तो घर पर कोई बड़ा नहीं था। बच्चे ही थे। वहां लड़की की उल्टी पड़ी हुई थी।लड़की को अस्पताल के लिए लेकर चले ही थे कि उसकी मौत हो गई। फिर यही हुआ कि अब कहां लेकर जाएंगे, इसकी तो मौत ही हो गई। रात को संस्कार नहीं करने का फैसला हुआ। उसने बताया कि सोमवार सुबह रिश्तेदार भी आ गए थे, ग्रामीण भी एकत्रित थे तो साढ़े 7 बजे लड़की का अंतिम संस्कार किया गया।

जांच में जुटी पुलिस

उसने बताया कि किसी ने पुलिस को सूचना दे दी कि लड़की की हत्या की गई है। पुलिस गांव जुआं में श्मशान घाट पर पहुंच गई। हमनें पुलिस को घटना बताई। कहा कि कोई शक है तो चिता को निकाल लो। इसके बाद पुलिस ने फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुला कर चिता की आग को बुझाया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। लड़की की मौत कैसे हुई, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट से ही होगा।

Leave a comment