Haryana News: 400 पार का नारा देने वाली भाजपा को कांग्रेस से उधार लेने पड़ रहे हैं अपने उम्मीदवार: अभय सिंह चौटाला

Haryana News: 400 पार का नारा देने वाली भाजपा को कांग्रेस से उधार लेने पड़ रहे हैं अपने उम्मीदवार: अभय सिंह चौटाला

Haryana News: हरियाणा के सिरसा लोकसभा के गांव मलेकां में इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो पूरी मजबूती के साथ लोकसभा चुनाव लड़ेगी और प्रदेश की सभी 10 सीटों पर जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी।

मलेकां की अनाज मंडी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने भी जनसभा को संबोधित किया और आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए जोर-शोर से पार्टी की नीतियों को जनता के बीच ले जाने और उन्हें पार्टी के साथ जोड़ने का आह्वान किया। इनेलो के जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करिवाला शहरी जिला प्रधान डा. विनोद गोदारा  हल्का अध्यक्ष अभय सिंह खोड़ ने पार्टी नेताओं का स्वागत किया।

लोकसभा चुनावी अभियान के तहत इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला और प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने दोपहर 3 बजे मलेकां अनाज मंडी में में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। लोकसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश दिए। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश का किसान सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा भुगत रहा है। एक तरफ सरकार सरसों की सरकारी खरीद शुरू करने के दावे कर रही है। लेकिन दूसरी तरफ किसान जब मंडियों में सरसों लेकर जा रहे हैं तो उनकी फसल को नहीं खरीदा जा रहा।

युवाओं को रोजगार देने में भाजपा पूरी तरह नाकाम रही है- अभय चौटाला

अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी पर प्रदेश सरकार को आड़े हाथ लेते हुए अभय चौटाला ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने में भाजपा पूरी तरह नाकाम रही है। स्थाई रोजगार की बजाय भाजपा ने कौशल निगम बनाकर युवाओं के शोषण के लिए अलग से विभाग खोल रखा है। इनेलो के सत्ता में आते ही इसे खत्म कर युवाओं को पक्की नौकरी देने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में अपनी हार को देखकर बौखलाए भाजपा के नेता ईडी और सीबीआई का डर दिखाकर विपक्षी नेताओं को परेशान कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं को जेल का डर दिखाकर जबरदस्ती भाजपा में शामिल करवाया जा रहा है।

भाजपा को आज अपने उम्मीदवार तक नहीं मिल रहे है- अभय चौटाला

उन्होंने कहा कि 400 पार का नारा देने वाली भाजपा को आज अपने उम्मीदवार तक नहीं मिल रहे है। ऐसे में उसे कांग्रेस से आए उधार के नेताओं को टिकट देनी पड़ रही है। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि सिरसा लोकसभा सीट सहित प्रदेश की सभी 10 सीटों पर इनेलो मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी। आज प्रदेश की जनता इनेलो को भाजपा के विकल्प के तौर पर देख रही है। प्रदेश में इनेलो का जनाधार लगातार बढ़ रहा है।

अभय चौटाला ने कहा कि जेजेपी, भाजपा और कांग्रेस छोडक़र लोग इनेलो में आ रहे हैं। प्रदेश में जेजेपी पूरी तरह खत्म हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग रास्ता भटक कर जेजेपी में चले गए थे। ऐसे लोगों को वे कहना चाहेंगे कि अभी देर नहीं हुई, वे घर वापसी कर चौधरी देवीलाल की नीतियों को आगे बढ़ाने का काम करें।

Leave a comment