Haryana: बहादुरगढ़ में युवक के साथ 7 लाख रुपये की लूट, विरोध करने पर चाकू से किया हमला

Haryana: बहादुरगढ़ में युवक के साथ 7 लाख रुपये की लूट, विरोध करने पर चाकू से किया हमला

Haryana crime: हरियाणा के बहादुरगढ़ में बेख़ौफ़ बदमाशों ने एक युवक से 7 लाख रुपये लूट की वारदात को अंजाम दिया और विरोध करने पर युवक को चाकूओं से गोद कर घायल कर दिया। मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन अज्ञात बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया और बड़ी ही आसानी से फरार हो गए। वारदात दिल्ली-रोहतक नेशनल हाईवे पर स्थित बैंक ऑफ इंडिया बिल्डिंग के सामने की है। 

पीड़ित युवक की पहचान दिल्ली के मुंडका निवासी मुकेश के रूप में हुई है। मुकेश मनी ट्रांसफर का काम करता है। वह सोमवार की दोपहर बैंक ऑफ इंडिया में कलेक्शन किए हुए पैसे जमा करवाने के लिए आया था। उसी दौरान तीन बदमाश एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे और मुकेश से पैसों से भरा बैग छीनने लगे। जब मुकेश ने विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू से उस पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने मुकेश के शरीर पर एक के बाद एक चाकू से कई वार किये और उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। बाद में मुकेश ने अपने किसी दोस्त को मौके पर बुलाया। जिसने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को मामले की सूचना दी। 

मामले की जांच कर रही है पुलिस 

फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच करने में जुटी हुई है। आसपास की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल ही जा रही है। लेकिन बदमाशों का अब तक कोई सुराग पुलिस को नहीं लगा है। देखना होगा कि पुलिस कब तक बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर पाती है। वहीं इस वारदात से घायल मुकेश बेहद सहमा हुआ है।

Leave a comment