
Palwal crime: हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने अलीगढ़ और कासगंज से पलवल में सप्लाई के लिए लाई जा रही लाखों रुपये की स्मैक सहित नशा तस्कर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ी गई स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 38 लाख रुपये की बताई जा रही है।
जिले में तेजी से बढ़ रहे नशे को लेकर हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम पूरी तरह से सजग है। नशा तस्करों पर लगाम कसने में टीम पूरी तरह से कामयाब होती नजर आ रही है। इसी कड़ी में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की यूनिट के फरीदाबाद व पलवल के प्रभारी इंस्पेक्टर सतपाल सिंह की अगुवाई में ईएसआई कीमती लाल और विभाग के अन्य अधिकारियों ने नशा तस्कर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
मामले की जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर सतपाल सिंह ने कहा कि श्रीकांत जाधव आईपीएस अतिरिक्त महानिदेशक हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के मार्गदर्शन में नशा तस्करों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया गया है। जिसके तहत उनकी टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि अलीगढ़ और कासगंज से कार सवार तीन युवक सप्लाई के लिए भारी मात्रा में स्मैक लेकर आए है। जोकि पलवल की बसंत विहार कॉलोनी में मौजूद है। यह स्मैक पलवल और आसपास के इलाके में सप्लाई करने के लिए लाए हैं। सूचना मिलते ही टीम गठित करके मौके पर दबिश देकर तीनों युवकों को काबू किया गया।
तीनों युवकों की पहचान मदन गोपाल निवासी कैलाश नगर, विशाल निवासी फिरोजपुर राजपूत और जितेंद्र निवासी वसंत विहार कॉलोनी के रूप में हुई है। जब गाड़ी की तलाशी ली गई। तो उन्हें गाड़ी से 355 ग्राम स्मैक बरामद हुई। जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 38 लाख रुपये की बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करके गहन पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान इस नशा तस्कर गिरोह के तार कहां तक जुड़े हैं। उसके बारे में भी पता लगाया जाएगा।
Leave a comment