Haryana News: हरियाणा के महम के गांव भैणी चंद्रपाल में पशुओं में फैली बीमारी से बचाव के लिए 24 घंटे का पारंपरिक बंद लगाया गया। इस दौरान गांव की सीमाएं सील रखी गईं और गांव के किसी भी घर में चूल्हा नहीं जलाया जाता। ग्रामीण इस परंपरा का सामूहिक रूप से पालन करते हैं।
ग्रामीण राजकुमार ने बताया कि इस अवसर पर गांव की 36 बिरादरी के लिए सामूहिक रूप से मीठा भोजन तैयार किया जाता है। इस भोजन में मुख्य रूप से केवल खीर बनाई जाती है। सुबह गांव में हवन किया जाता है और इसके बाद सभी ग्रामीण एक साथ बैठकर प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण करते हैं।
बीमारी से बचाव और गांव की सुख-शांति की कामना को लेकर लगाया जाता है- ग्रामीण
ग्रामीण सुरेंद्र ने बताया कि यह बंद मुख्य रूप से पशुओं में फैलने वाली बीमारी से बचाव और गांव की सुख-शांति की कामना को लेकर लगाया जाता है। इस दौरान 36 बिरादरी के लोग एक साथ बैठकर मीठा भोजन ग्रहण करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह परंपरा गांव में लंबे समय से चली आ रही है और आज भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाई जाती है।