HARYANA CRIME: दर्द से करहाती रही गर्भवती महिला, नहीं पहुंचे डॉक्टर, हुई मौत

HARYANA CRIME: दर्द से करहाती रही गर्भवती महिला, नहीं पहुंचे डॉक्टर, हुई मौत

HARYANA CRIME:  धरती पर डॉक्टर को भगवान का रूप माना जाता है, लेकिन अगर डॉक्टर ही लापरवाही करने लगे तो फिर आखिर बच ही क्या जाता है। रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में आज ऐसा ही कुछ देखने को मिला, जब डॉक्टरों की कथित लापरवाही के चलते डिलीवरी के दौरान एक महिला की मौत हो गई।

प्रसूता की मौत के बाद अस्पताल में परिजनों की भीड़ जमा हो गई। इधर, परिजनों का रोष पनपता देख आईएमए के डॉक्टर भी एक-एक कर अस्पताल पहुंचने शुरू हो गए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना प्रभारी भी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंच गए और परिजनों से बात कर शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया गया।

परिजनों की मानें तो गुरुग्राम के मानेसर निवासी राहुल की 21 वर्षीय पत्नी कविता की पहली डिलीवरी होनी थी, जिसे बीती रात रेवाड़ी के गढ़ी बोलनी चौक स्थित सावित्री देवी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां नॉर्मल डिलीवरी होने के बाद कविता ने एक बेटे को जन्म दिया।

परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के बाद प्रसूता दर्द से करहाती रही, परिजन डॉक्टर को फोन कर बुलाते रहे, लेकिन डॉक्टर का पहुंचना तो दूर स्टाफ ने इस ओर ध्यान तक नहीं दिया। उल्टा स्थिति बिगड़ती देख प्रसूता को दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया, लेकिन तब तक प्रसूता की मौत हो चुकी थी। परिजन अब सीधे-सीधे डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

मगर यहां हैरान करने वाली बात यह है कि अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कुछ कार्रवाई अमल में लाती है।

Leave a comment