
Haryana News: हरियाणा के भिवानी के बवानीखेड़ा में अर्जुन चौटाला ने पंजाब के सीएम को लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब का मुख्यमंत्री भगवंत मान पियक्कड़ कौआ है। उन्हें होश में रहकर काम करना चाहिए, क्योंकि उनका भरोसा नहीं वे कितनी घूंट मारकर आ जाए और क्या बात कह दे।" उन्होंने कहा कि एक बेवड़ा आदमी प्रदेश को चला रहा है। मैं तो भगवान से यही प्रार्थना करता हूं कि वह होश में बैठ जाए, यही बहुत है।
अर्जुन चौटाला ने कहा कि SYL का पानी हरियाणा का हक है और इसका सीधा-सीधा फायदा भिवानी जिले को सबसे ज्यादा होगा। सरकार को इस विषय को गंभीरता से लेना चाहिए। कई लोगों की आदत होती है कि वे कह देते हैं कि ये तो राजनीति कर रहे हैं। यह तो सबको पता है कि पानी की किल्लत आती है तो कितनी परेशानी होती है। हमारी सरकार को तो गंभीरता से लेना चाहिए।
भगवंत मान एक चुटकुला सुनाया करते हैं- चौटाला
चौटाला ने आगे कहा कि भगवंत मान एक चुटकुला सुनाया करते हैं। वे कौए की कहानी सुनाते हैं। पंजाब का हाल वैसा ही हो गया है। आपने प्यासे कौए की कहानी सुनी होगी, तो पंजाब का मुख्यमंत्री एक पियक्कड़ कौआ है। 'वन्स देयर वाज अ क्रो, ही वाज वेरी-वेरी हंगरी। ओथे पेंदी सी अग, लाल परी दा जग। लाल परी में दारू वाज थोड़ा, मुख्यमंत्री कठ्ठे करदा रोड़ा, रोड़ा कठ्ठे करी उसकी दारू उत्थे आ गई, तो मुख्यमंत्री पैग मार के वो गया-वो गया।' यही हाल आज पंजाब का है।
अर्जुन चौटाला ने कहा कि मैंने जलभराव को लेकर भिवानी में करीब 12गांवों का दौरा किया। चौधरी अभय सिंह विदेश गए हुए थे, जब उन्हें इस बारे में पता चला तो उनका मेरे पास फोन आया कि अर्जुन, तुम्हें जाना है। यमुनानगर के अंदर प्रधानमंत्री की रैली हुई थी। वह रैली हुई तो वहां कनक की बिजाई हो रखी थी, जो पहले काट दी गई। मुआवजे के रूप में उन किसानों को 50हजार रुपए प्रति एकड़ दिया गया। सरकार की तरफ से सरकारी खाते में से दिया गया।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार प्रधानमंत्री की रैली के लिए 50हजार दे सकती है, तो जो पानी यह कुदरत की वजह से नहीं हुआ, ड्रेन के ओवरफ्लो होने से फसलें खराब हुई हैं। सरकार ही पीछे से पानी छोड़ती है। सरकार को यह पता है कि इसकी वजह से क्या नुकसान हो सकता है। यहां पर भी कम से कम मुआवजा 50हजार रुपए देना चाहिए। आज के दिन ठेके (पट्टे) का रेट भी कहीं 50हजार है और कहीं 60हजार रुपए है।
चौटाला ने कहा कि किसान दो-दो बार फसल लगा चुका है और वह भी खराब हो गर्द। आज के दिन बिजाई का खर्चा बढ़ चका है। अगर किसान को 2बार बिजाई करनी पड़ जाए तो चाहे वह फसल सफल हो या ना हो, उसकी आय नहीं होती। तीसरी बार किसान बिजाई कर भी लेंगे तो इसका क्या पक्का है कि उन्हें फायदा ही होगा। हमने संगठन के तौर पर फैसला किया है कि विधानसभा में हम इसका सवाल उठाने का काम करेंगे। सरकार से यही मांग है कि प्रति एकड़ कम से कम 50हजार रुपए देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जवाब तो सबके पास है, लेकिन ग्राउंड पर क्या हो रहा है, वह सबके सामने है। अगर बीजेपी कहती है कि उन्होंने किसानों का भला किया है और वे ही करेंगे, तो हम कहते हैं कि करो भला और 50हजार रुपए मुआवजा दे दो। बोलने की क्या जरूरत है, करके दिखाओ। आज बाजार में DAP खाद की कमी है। 'देंगे' और 'देने' में फर्क है। कहने व करने में फर्क है। अगर सरकार देगी तो हम मान लेंगे कि सरकार किसान हितैषी है।
कांग्रेस पर बरसे अर्जुन चौटाला
कांग्रेस द्वारा मुद्दे उठाए जाने के सवाल पर अर्जुन चौटाला ने कहा कि पहले कांग्रेस वालों से यह पूछ लो कि तुम विधानसभा में बैठोगे या नहीं। विधानसभा में बैठती कहां है कांग्रेस? जब गवर्नर भाषण हुआ और बजट सत्र चला तो पूरी विधानसभा मैं विपक्ष का इकलौता विधायक था। अब तो वे गम में बैठे हैं कि हमारी सरकार बननी थी। घोड़े भाग गए, रथ खत्म हो गए। ये तो सदमे से बाहर नहीं निकले। हुड्डा साहब, आपको विपक्ष मजबूत मिला है। सदमे से बाहर निकलो और विपक्ष की भूमिका निभाने का काम करें। आप नहीं करोगे तो हम पूरा करेंगे।
धमकी मिलने पर अर्जुन ने कहा कि यह अपने आप में दर्शाता है कि आज कानून व्यवस्था कितनी खराब हो चुकी है। हमने लगातार इसके खिलाफ आवाज उठाने का काम किया। आगे भी आवाज उठाने का काम करेंगे। सफीदों में बीजेपी के पूर्व मंडल अध्यक्ष के बेटे को गोली मार दी। आज तक उसे इंसाफ नहीं मिला। आम आदमी क्या करेगा? जिन लोगों ने इस सरकार को सत्ता की कुर्सी दी है, सरकार उन्हें नहीं संभाल सकती। हरियाणा में धीरे-धीरे जंगलराज बनता जा रहा है। यह इसलिए कि आज हरियाणा को कमजोर संगठन चला रहा है।
Leave a comment