
Haryana news: हरियाणा के बहादुरगढ़ में इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला बहादुरगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने इनेलो कार्यकर्ताओं को रोहतक में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय देवीलाल की जयंती पर आयोजित सम्मान दिवस रैली का न्यौता भी दिया। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय देवी लाल की जयंती पर रोहतक में एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। यह रैली आने वाले समय में हरियाणा की राजनीति के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी।
इस दौरान अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश में बढ़ रहे अपराध पर भाजपा सरकार को जमकर खरी खोटी सुनाई और विधानसभा के मानसून सत्र में अपराध के मुद्दे पर सरकार को घेरने की भी बात कही। उन्होंने कांग्रेस द्वारा विधानसभा में काम रोको प्रस्ताव लाने का समर्थन करने की बात भी कही। इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश में बढ़ रहे अपराध को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार को जमकर खरी खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में निक्कमे में लोगों की सरकार है।
भिवानी जिले की अध्यापिका मनीषा की मौत के मामले में प्रदेश सरकार द्वारा जो कार्रवाई की गई वह कई सवालिया निशान खड़े करती है। मनीषा की पहले हत्या और फिर आत्महत्या करार देने का प्रयास भाजपा सरकार कर रही है। बहादुरगढ़ में इंडियन नेशनल लोकदल के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या होना और अपराधियों का अब तक नहीं पकड़े जाना भी कई तरह के सवाल खड़े करता है। इतना ही नहीं प्रदेश की भाजपा सरकार नफे सिंह राठी की हत्या के आरोपियों को सुरक्षा प्रदान कर रही है और राठी के परिवार को अब भी धमकियां मिल रही है।
सीएम सैनी के हल्के में भी सरेआम फिरौती मांगी जा रही है- अभय चौटाला
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बहादुरगढ़ से सैकड़ो करोड़ रुपए यहां के व्यापारी और आम आदमी फिरौती के रूप में बदमाशों को दे चुके हैं। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हल्के में भी सरेआम फिरौती मांगी जा रही है। अभय सिंह चौटाला का कहना है कि मुख्यमंत्री चाहे तो एक दिन में अपराधियों का सफाया कर सकते हैं। लेकिन प्रदेश में निककमों की सरकार है।
अभय सिंह चौटाला का कहना है कि अपराध के मुद्दे पर प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस को विधानसभा में काम रोको प्रस्ताव लाना चाहिए। उनकी पार्टी भी इसमें कांग्रेस का सहयोग करेगी। हालांकि इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी और भूपेंद्र हुड्डा को भाजपा की भी टीम कहकर भी संबोधित किया। उनका कहना है कि भूपेंद्र हुड्डा के कारण ही आज प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है। अगर भूपेंद्र हुड्डा सर्वे रिपोर्ट के अनुसार सिटिंग विधायकों को टिकट न देकर किसी अन्य व्यक्ति को मैदान में उतारते तो आज प्रदेश में अलग ही सरकार होती।
अभय चौटाला ने की सरकार से मांग
अभय सिंह चौटाला का कहना कि प्रदेश भर के कई जिलों में किसानों की फैसले बरसाती पानी के चलते खराब हो रही है। उन्होंने सरकार से जल भराव की विशेष गिरदावरी कराकर किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने फसलों को बचाने के लिए सरकार से जल भराव से प्रभावित क्षेत्र की जल निकासी के पुख्ता बंदोबस्त करवाने की मांग भी की है।
Leave a comment