Telangana Hospital Fire: तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में सरकारी राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में मंगलवार को आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में 3 मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई।
27 नवजातों का चल रहा था इलाज
अधिकारियों के मुताबिक, हादसा सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, SNCU में लगे एयर कंडीशनर में खराबी आने के बाद उसमें विस्फोट हुआ और इसके बाद यूनिट में आग फैल गई। घटना के समय SNCU में कुल 27 नवजात बच्चों का इलाज चल रहा था। इनमें से एक प्री-टर्म बच्चे की शुरुआत में ही मौत हो गई। एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार तड़के उसकी मौत हो गई।
25 बच्चों को निजी अस्पतालों में कराया गया भर्ती
आग लगने के बाद अस्पताल में मौजूद बाकी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की गई। अधिकारियों ने बताया कि कुल 25 नवजातों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है। इनमें से दो बच्चों की हालत गंभीर बताई गई है। डॉक्टरों की टीमें सभी बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, बच्चों को जरूरत के मुताबिक इलाज और मेडिकल सपोर्ट दिया जा रहा है।
जांच के बाद सामने आएगी हादसे की असली वजह
पुलिस और प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने की सही वजह और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका है कि एयर कंडीशनर में तकनीकी खराबी के कारण विस्फोट हुआ। हालांकि, हादसे की अंतिम वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने RIMS में हुई इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हादसे में प्रभावित बच्चों को हर संभव और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने घटना की पूरी जांच कराने और इसकी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा है। प्रशासन अब अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और घटना के कारणों की जांच कर रहा है।
Also read: Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा की 12 सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान, UP-उत्तराखंड-बंगाल में 16 अक्टूबर को होगी वोटिंग; देखें पूरा शेड्यूल