Haryana News: हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। फरीदाबाद और गुरुग्राम के बीच रोजाना सफर करने वाले हजारों वाहन चालकों को जल्द राहत मिल सकती है। खबरों के अनुसार, इस रूट पर बने चार टोल प्लाजा अगले महीने बंद हो सकते हैं। इन टोल प्लाजा का संचालन रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर द्वारा किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, कंपनी का कॉन्ट्रैक्ट 12 जून को समाप्त हो रहा है। इसके बाद सरकार यह फैसला ले सकती है कि टोल व्यवस्था जारी रखी जाए या इसे पूरी तरह खत्म कर दिया जाए।
लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
इस सड़क पर हर दिन एक लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं। यदि टोल वसूली बंद होती है तो फरीदाबाद और गुरुग्राम के बीच यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे समय की बचत होगी और रोजाना लगने वाला जाम भी कम हो सकता है। यह परियोजना वर्ष 2009 में शुरू हुई थी। इसके तहत गुरुग्राम-फरीदाबाद टोल रोड का निर्माण किया गया था, जिसमें फरीदाबाद से गुरुग्राम और बल्लभगढ़ से सोहना तक सड़क बनाई गई थी। परियोजना पूरी होने के बाद कंपनी ने गुरुग्राम के बंधवाड़ी और नून्हेरा तथा फरीदाबाद के पाखल और पाली क्रेशर जोन में टोल प्लाजा लगाकर वसूली शुरू की थी।
कंपनी के पास है जिम्मेदारी
इसके साथ ही सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी भी कंपनी के पास ही है। अब कॉन्ट्रैक्ट समाप्त होने के बाद सरकार के सामने कई विकल्प मौजूद हैं, जिनमें टोल हटाना या नई शर्तों के साथ इसे जारी रखना शामिल है। रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर ने कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा है, लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग ने अभी तक इसे बढ़ाने पर सहमति नहीं दी है और टोल व्यवस्था खत्म करने की सिफारिश की है।
सफर होगा आसान
इसी बीच बड़खल विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनेश अदलखा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर टोल हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि टोल खत्म होने से न केवल जाम की समस्या कम होगी बल्कि आम लोगों की यात्रा भी आसान और सस्ती हो जाएगी। अब सभी की नजर सरकार के अंतिम फैसले पर टिकी है, क्योंकि यह निर्णय लाखों दैनिक यात्रियों को सीधे प्रभावित करेगा।
Also read: हरियाणा के लिए बड़ी सौगात, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे से बदलेगी यात्रा की तस्वीर; अब कम समय में पहुंचेंगे वैष्णो देवी