
Salman Khan House Firing Case: सलमान खान काफी समय से चर्चा में बने हुए हैं। अप्रैल महीने में दो संदिग्धों ने एक्टर के घर के बाहर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। वहीं, अब मुंबई की एक विशेष अदालत ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग से जुड़े मामले में नया अपडेट दिया है। दरअसल, जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई के खिलाफ शुक्रवार को गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। बिश्नोई गिरोह के कथित सदस्य रोहित गोदेरा के खिलाफ भी वारंट जारी किया गया था।
14 अप्रैल की गोलीबारी की घटना के सिलसिले में इस महीने की शुरुआत में मुंबई पुलिस द्वारा दायर आरोपपत्र में लॉरेंस बिश्नोई के साथ गोदेरा और अनमोल को फरार आरोपी के रूप में दिखाया गया है। आपको बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई फिलहाल अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल में बंद है। पुलिस के मुताबिक माना जा रहा है कि अनमोल और गोदेरा कनाडा में हैं।
नमोल और गोदेरा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी
वहीं, अभियोजन पक्ष के आवेदन को स्वीकार करते हुए महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) मामले के विशेष न्यायाधीश बीडी शेल्के ने अनमोल और गोडेरा के खिलाफ स्थायी गैर-जमानती वारंट जारी किया है। मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
फायरिंग मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार
आपको बता दें कि विक्की गुप्ता और सागर पाल ने कथित तौर पर 14 अप्रैल की सुबह सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलीबारी की थी। दोनों गाड़ी भगा कर भाग गये। हालांकि पुलिस ने जल्द ही दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। सोनू कुमार बिश्नोई, मोहम्मद रफीक चौधरी और हरपाल सिंह समेत ये दोनों बदमाश फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। एक अन्य आरोपी अनुज कुमार थापन ने पुलिस हिरासत में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।
Leave a comment