Search KhabarFast

Press ESC to close

पटना में सोन नदी पर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, 62 राउंड फायरिंग; 3 पुलिसकर्मी घायल

पटना में सोन नदी पर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, 62 राउंड फायरिंग; 3 पुलिसकर्मी घायल

Bihta Encounter: बिहार की राजधानी पटना से सटे बिहटा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ परेव के पास सोन नदी में हुई। बताया जा रहा है कि अपराधी नाव के जरिए अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों से रंगदारी वसूल रहे थे। पुलिस को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।

दोनों तरफ से चलीं 62 राउंड गोलियां

पुलिस टीम के पहुंचते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। करीब 62 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है। इनमें पुलिस की ओर से 22 राउंड और अपराधियों की तरफ से करीब 40 राउंड फायरिंग की गई। कुछ ही देर में सोन नदी का किनारा गोलियों की आवाज से गूंज उठा।

तीन पुलिसकर्मी घायल

मुठभेड़ के दौरान सब इंस्पेक्टर राजू कुमार की बांह में गोली लग गई। वहीं, बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार और सहायक थानाध्यक्ष विकेश कुमार को भी चोटें आई हैं। घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। दूसरी तरफ, मुठभेड़ में अपराधी अनीश कुमार को भी गोली लगी। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक अपराधी गिरफ्तार 

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुख्यात अपराधी अनीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वह मनेर निवासी रामबाबू राय का बेटा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, अनीश के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामलों में चार केस दर्ज हैं। इनमें AK-47 से जुड़े एक मामले में भी उसका नाम सामने आया है। उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में नदी किनारे और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है। फरार आरोपी आरा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

हथियार और नाव बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी राइफल, एक देशी कारबाइन, एक देशी पिस्टल और दो देशी कट्टा बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब 25 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही नाव भी जब्त की गई है।

सिटी एसपी ने लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलते ही पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अब गिरफ्तार अनीश से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए फरार आरोपियों और पूरे रंगदारी नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।

Also read: नेपाल की बाढ़ से बिहार में हाई अलर्ट, गंडक बैराज के सभी 36 गेट खोले गए; कई जिलों में बढ़ी निगरानी 

Leave Your Comments



संबंधित समाचार

Haryana News: डिलीवरी ब्वॉय की वेश में देता था बड़े वारदात को अंजाम, फरीदाबाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा

Haryana News: फरीदाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फरीदाबाद में ग्रीन फील्ड कॉलोनी में अकेली सास-बहू से चाकू के बल पर आभूषण लूटने का मामले सुलझा लिया है। मामले को क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 प्रभारी अशोक कुमार और क्राइम ब्रांच बड़खल प्रभारी शीशवाल की टीम ने सुलझाया है।

Uttrakhand News:सीएम धामी ने सुना पीएम मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम, बोले- देशवासियों को प्रेरित करता है

Uttrakhand News:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुंवावाला, देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137वां संस्करण सुना।कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के साथ ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों और अभिनव प्रयासों को देश-दुनिया के सामने लाने का प्रभावी माध्यम बना है।

लाइव अपडेट

बड़ी खबरें

Khabar Fast