क्या गौरव गोगोई का है पाकिस्तान से कनेक्शन? असम सरकार ने गृह मंत्रालय को भेजी रिपोर्ट

क्या गौरव गोगोई का है पाकिस्तान से कनेक्शन? असम सरकार ने गृह मंत्रालय को भेजी रिपोर्ट

Assam News: असम कैबिनेट ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के कथित पाकिस्तान लिंक से जुड़े मामले को केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय को भेजने का निर्णय किया है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस वार्ता में बताया कि राज्य सरकार द्वारा गठित एसआईटी ने अपनी जांच रिपोर्ट सौंप दी है और कैबिनेट ने माना है कि यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा का है।

कैबिनेट के अनुसार यह निजी मामला नहीं, बल्कि तीन प्रमुख किरदारों एक सांसद, उनकी ब्रिटिश पत्नी और पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख से जुड़ा मामला है। एसआईटी को शेख द्वारा भारत के आंतरिक मामलों में कथित दखल की जांच का जिम्मा दिया गया था। एसआईटी ने तय समय सीमा तक अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री सरमा को सौंप दी।

सीएम सरमा ने किया बड़ा दावा

सीएम सरमा ने कहा कि अली तौकीर शेख की कथित भारत विरोधी साजिश की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई थी, जिसमें एक ब्रिटिश नागरिक और एक सांसद के साथ मिलीभगत की बात कही गई।  मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे गृह मंत्रालय को सौंपने का निर्णय लिया गया है। एसआईटी  रिपोर्ट और दर्ज एफआईआर भी केंद्र को असम सरकार भेजेगी। इस फैसले को सरमा द्वारा गोगोई पर हमले की बड़ी राजनीतिक हथियार माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले यह मुद्दा बड़ा राजनीतिक मामला बन गया है। सीएम सरमा ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के पाकिस्तान से संबंध हैं। उनका दावा है कि गोगोई की पत्नी पहले एक ऐसे एनजीओ से जुड़ी थीं, जिसके कथित तौर पर पाकिस्तानी से नाता रहा है और गोगोई पहले पाकिस्तान भी गए हैं।

गौरव गोगोई पर होगा एक्शन?

सीएम सरमा ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि गौरव गोगोई एक डेलिगेशन को लेकर पाकिस्तान हाई कमीशन गए थे और उस समय के पाक उच्चायुक्त अब्दुल बासित से मिले थे। उन्होंने कहा कि उन्हें याद नहीं कि किसी नेता ने इस तरह डेलिगेशन के साथ पाकिस्तान के उच्चायोग से मुलाकात की हो। सीएम सरमा ने यह भी कहा कि एसआईटी ने गोगोई से पूछताछ नहीं की, क्योंकि वे मौजूदा सांसद हैं और उनके पद का सम्मान रखते हुए मामला केंद्र को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि अगर अभी गिरफ्तारी जैसे कड़े कदम उठाते तो उन पर चुनाव से पहले राजनीति करने का आरोप लगता।  

Leave a comment