
IPL Retain Player List: चेन्नई सुपर किंग्स ने जहां महेंद्र सिंह धोनी को अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में रिटेन किया है तो दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस ने पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया है। मुंबई इंडियंस ने जसप्रीत बुमराह को अपना टॉप रिटेंशन बनाया है। इसके अलावा ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल जैसे खिलाड़ियों को उनकी फ्रेंचाइजी ने रिलीज करने का फैसला लिया है। वहीं रिटेंशन में सनराइडर्स हैदराबाद ने हेनरिक क्लासेन को 23 करोड़ देकर रिटेन किया है।
रिटेंशन में क्लासेन, बेंगलुरु के विराट कोहली पर भारी पड़े हैं। विराट कोहली को उनकी फ्रेंचाइजी ने 21 करोड़ में रिटेन किया है। आईपीएल टीमों ने उन खिलाड़ियों की सूची जमा कर दी जिन्हें वे टीम में बरकरार रखना चाहते थे। हर फ्रेंचाइजी के पास खिलाड़ियों को बरकरार रखने और नीलामी के लिये 120 करोड़ रूपये का पर्स है। टीम छह खिलाड़ियों को बरकरार रख सकती है। टीम के पास सभी खिलाड़ियों को रिलीज करने और 'राइट टू मैच' (आरटीएम) कार्ड लेकर नीलामी में उतरने का भी विकल्प है।
मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस ने पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया है। जसप्रीत बुमराह (18 करोड़), सूर्यकुमार यादव (16.35 करोड़), हार्दिक पंड्या (16.35 करोड़), रोहित शर्मा (16.30 करोड़), तिलक वर्मा (8 करोड़)। अब फ्रेंचाइजी के पर्स में नीलामी के लिए 55 करोड़ रुपये (120 करोड़ रुपये में से) हैं। नीलामी के लिए फ्रेंचाइजी के पास राइट-टू-मैच (आरटीएम) का एक विकल्प है।
सनराइजर्स हैदराबाद
सनराइजर्स हैदराबाद ने जिन खिलाड़ियों को रिटेन किया है, उसमें हेनरिक क्लासेन (23 करोड़), पैट कमिंस (18 करोड़), अभिषेक शर्मा (14 करोड़), ट्रैविस हेड (14 करोड़), नितीश कुमार रेड्डी (6 करोड़) शामिल हैं। नीलामी के लिए फ्रेंचाइजी के पर्स में 45 करोड़ (120 करोड़ में से) हैं. हैदराबाद के पास एक राइट-टू-मैच विकल्प है।
चेन्नई सुपर किंग्स
चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया है। चेन्नई सुपर किंग्स ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को 18 करोड़ में रिटेन किया है, जबकि मथीशा पथिराना को उन्होंने 13 करोड़ में रिटेन किया है। इसके अलावा उन्होंने शिवम दुबे को 12 करोड़ में रिटेन किया है। वहीं रवींद्र जडेजा को टीम ने 18 करोड़ और महेंद्र सिंह धोनी को 4 करोड़ में रिटेन किया है। चेन्नई सुपर किंग्स के पास अब केवल एक राइट-टू-मैच कार्ड है। चेन्नई के पर्स में अब केवल 55 करोड़ बचे है।
दिल्ली कैपिटल्स
दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 के लिए जिन खिलाड़ियों को रिटेन किया है, उसमें ऋषभ पंत का नाम नही है। दिल्ली ने अक्षर पटेल को 16.5 करोड़ में, कुलदीप यादव को 13,25 करोड़ में, ट्रिस्टन स्टब्स को 10 करोड़ में और अभिषेक पोरेल को 4 करोड़ में रिटेन किया है। दिल्ली के पर्स में अब 73 करोड़ हैं और उसके पास दो आरटीएम का विकल्प है।
Leave a comment