
नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी ने पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश विरोधी ताकतों के दबाव में राहुल गांधी और इंडी गठबंधन लोकतंत्र को बदनाम कर रहा है। उन्होंने पहले विदेश में देश को बदनाम किया, चुनाव आयोग को बदनाम किया। उन्होंने तो सुप्रीम कोर्ट को भी बदनाम किया, केग को बदनाम किया, सेना के सम्मान के साथ खिलवाड़ किया, सेना के शौर्य पर सवाल खड़े किए।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रहे हैं, वे संवैधानिक संस्थाओं की मर्यादाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, वे अराजकता फैलाना चाहते हैं। राहुल गांधी बार-बार झूठ बोल रहे हैं, ऑपरेशन सिंदूर पर झूठ बोला और जब सेना ने सारे तथ्य सामने रखे तो उनकी बोलती बंद हो गई। उन्होंने कहा कि पहले उन्होंने EVM पर सवाल उठाए कि EVM के कारण वे चुनाव हारते हैं, सबूत मांगे तो सबूत दिए नहीं। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने फटकार लगाई तो रणछोड़दास हो गए।
अब EVM छोड़ दिया, अब SIR पर आ गए- शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि अब EVM छोड़ दिया, अब SIR पर आ गए, अब वोटर लिस्ट को बदनाम कर रहे है मैं राहुल गांधी, कांग्रेस के नेताओं और इंडी गठबंधन से पूछना चाहता हूं। क्या कर्नाटक में कांग्रेस वोटर लिस्ट की गड़बड़ियों के कारण जीती? क्या तेलंगाना में चुनाव आयोग की गलती के कारण जीती? क्या हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस चुनाव आयोग और वोटर लिस्ट की गड़बड़ियों और गलतियों के कारण जीती? क्या DMK गठबंधन तमिलनाडु में वोटर लिस्ट की गड़बड़ियों के कारण जीता? क्या झारखंड में इंडी गठबंधन हेमंत सोरेन की सरकार वोटर लिस्ट की गड़बड़ियों के कारण बनी?
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राहुल, क्या आप भी वोटर लिस्ट की गड़बड़ियों के कारण चुनाव जीते? क्या प्रियंका जी भी वोटर लिस्ट की गड़बड़ियों के कारण चुनाव जीतीं हैं? क्या अखिलेश यादव जी भी वोटर लिस्ट की गड़बड़ियों के कारण जीते हैं?आप आरोप लगाते हो और भाग जाते हो। चुनाव आयोग आपसे एफिडेविट मांग रहा है, आपको दिक्कत क्या है एफिडेविट देने में, लेकिन आप एफिडेविट नहीं देना चाहते हैं।
आप देश के सम्मान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं- शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आप देश के सम्मान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। देश को बदनाम, लोकतंत्र को बदनाम करके उसे कमजोर करने का पाप कर रहे हैं। आप जीतो तो सब ठीक है, आप हारो तो सब खराब है। मैं, देश की जनता को सावधान करना चाहता हूँ, इनकी साजिशों से सावधान रहें। ये देश को कमजोर और बदनाम करने का पाप कर रहे हैं।
Leave a comment