दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी सफलता, गोगी गैंग के शूटर मोगली का किया एनकाउंटर

दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी सफलता, गोगी गैंग के शूटर मोगली का किया एनकाउंटर

Delhi Police Encounter: दिल्ली में लगातार बढ़ते क्राइम पर बंदिश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस बीच बुधवार को दिल्ली पुलिस के स्पेशल शेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हाल ही में दिल्ली के कई इलाकों में हुई गोलीबारी में आरोपी रामनिवास उर्फ मोगली का एनकाउंटर हो गया। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गौरतलब है कि मोगली दीपक बॉक्सर गोगी गैंग का सदस्य है। बता दें, मोगली और उनके साथियों ने पिछले दिनों दिल्ली के नांगलोई और अलीपुर में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था। जिसके बाद कानून व्यवस्था को लेकर जमकर आलोचना हुई थी।  

पुलिस का बयान आया सामने

एनकाउंटर के बाद दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने बयान जारी करते हुए कहा, ”4 नवंबर को नांगलोई में श्री लक्ष्मी प्लाईवुड और अलीपुर में गोयल प्रॉपर्टीज के ऑफिस में गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाएं हुई थीं। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने दो FIR भी दर्ज की थी। पुलिस ने इन घटनाओं में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

साथ ही पुलिस के द्वारा यह भी कहा गया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए स्पेशल सेल ने CCTV और ह्यूमन इंटेलिजेंस की भी मदद ली थी। घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों को पकड़ने की कोशिश में लगी हुई थी।

मोगली के पास से कई चीजें बरामद

दरअसल, पुलिस को जानकारी मिली थी कि बुधवार सुबह मोगली शाहबाद डेयरी इलाके के खेड़ा नहर के पास आएगा। गुप्त जानकारी पर कार्रवाई करते हुए स्पेशल सेल की टीम पहले से उस इलाके में सख्ती से तैनात थी। जैसे ही पुलिस ने मोगली को मोटरसाइकल पर आते देखा तो पहले उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन बच कर भागने के क्रम में मोगली के मोटरसाइकल का नियंत्रण बिगड़ा और वो गिर पड़ा। जिसके बाद वो पुलिस पर फायरिंग करने लगा। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। जिसमें मोगली को गोली लग गई। हालांकि, पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती करवाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोगली के पास से .32 बोर की ऑटोमैटिक पिस्टल, एक देशी पिस्टल और एक चोरी की मोटरसाइकल शामिल हैं। बता दें, मोगली पिछले 10 सालों से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।

Leave a comment