
Weather Update: दिल्ली-NCRमें आज भारी बारिश होने वाली है। इसके संकेत मंगलवार सुबह से ही मिलने लगे हैं। आसमान में बादल छाए हुए हैं और अंधेरा है। दिल्ली के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी शुरू हो चुकी है। वहीं आज नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम इलाके में बादल छाए रहने की पूरी संभावना है। वहीं, उत्तर प्रदेश में भी आज मानसून की मेहरबानी देखने को मिल सकती है। मॉनसून अब देश के ज्यादातर हिस्सों में पहुंच चुका है। इसका असर बिहार से लेकर पंजाब और हरियाणा तक भी दिखेगा।
दरअसल, दिल्ली-NCRमें मॉनसून आ चुका है। हाल ही में मॉनसून की पहली बारिश ने दिल्ली और नोएडा-गाजियाबाद को भिगो दिया था। मौसम विभाग ने अब आज से अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है, यानी ये बारिश लोगों के लिए राहत की जगह आफत बन सकती है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज बारिश के आसार हैं।
दिल्ली में अगले 3 दिन तक बारिश
आईएमडी यानी मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी मंगलवार 2 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी के साथ अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। बुधवार, 3 जुलाई को भारी बारिश के साथ अधिकतम तापमान गिरकर 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस होने की संभावना है। गुरुवार को भी हल्की बारिश हो सकती है।
देश में आज और कहां-कहां बारिश
मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइट स्काईमेट वेदर के मुताबिक, आज यानी 2 जुलाई को पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा और उत्तराखंड में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।साथ ही बिहार, झारखंड, गुजरात, कर्नाटक, गोवा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, ओडिशा, केरल, लक्षद्वीप, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। । लद्दाख, रायलसीमा, मराठवाड़ा और तमिलनाडु में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
Leave a comment