Delhi Weather: दिल्ली-NCR में आग उगल रहा सूरज, 6 दिनों तक राहत की उम्मीद नहीं; 3 दिन के लिए लू का रेड अलर्ट

Delhi Weather: दिल्ली-NCR में आग उगल रहा सूरज, 6 दिनों तक राहत की उम्मीद नहीं; 3 दिन के लिए लू का रेड अलर्ट

Delhi Weather: दिल्ली-NCR समेत देश के कई राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में कम से कम छह बजे तक राहत की संभावना नहीं है। बुधवार को भीषण गर्मी के कारण दिल्ली में बिजली की मांग के सारे रिकॉर्ड टूट गये। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

दिल्ली के लोग पिछले शनिवार से भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे हैं। बुधवार को भी तेज धूप और लू के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। मानक वेधशाला सफदरजंग में बुधवार को अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 30.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है।

रात में भी राहत नहीं

रात में तापमान में हल्की गिरावट से लोगों को कुछ राहत मिलती है, लेकिन फिलहाल अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान भी अधिक है। इससे लोगों को गर्मी अधिक सता रही है। बुधवार को दिल्ली के तीन मौसम केंद्रों में न्यूनतम तापमान 33 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मई में पहली बार हुआ ऐसा

बुधवार दोपहर 3.42 बजे राजधानी में बिजली की मांग आठ हजार मेगावाट के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गयी। पिछले पांच दिनों से लगातार बिजली की मांग सात हजार मेगावाट से अधिक बनी हुई है। मई में यह पहली बार है कि बिजली की मांग लगातार सात हजार मेगावाट तक पहुंच रही है। ऐसा 15 साल बाद हुआ है।

Leave a comment