दिल्ली कैपिटल्स के नाम IPL इतिहास का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड, अच्छी शुरूआत के बाद भी ऐसा हुआ

IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में दिल्ली कैपिटल्स ने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम किया, जिसे कोई भी टीम अपने खाते में नहीं जोड़ना चाहेगी। 18 साल के IPL इतिहास में पहली बार, दिल्ली कैपिटल्स शुरुआती चार मैच जीतने के बावजूद प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 59 रनों की करारी हार ने दिल्ली की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। जिसके बाद मुंबई इंडियंस ने चौथे स्थान पर कब्जा जमाकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली।
मैच का हाल और दिल्ली की नाकामी
मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव की 43 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी और नमन धीर के 8 गेंदों में 24 रनों के तूफानी प्रदर्शन कर 20 ओवर में 180/5 का स्कोर बनाया। जवाब में दिल्ली की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और पूरी टीम 121 रनों पर ढेर हो गई। समीर रिजवी (39) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज मुंबई के गेंदबाजों, खासकर जसप्रीत बुमराह और मिशेल सेंटनर (दोनों ने तीन-तीन विकेट लिए) का सामना नहीं कर सकें। यह हार दिल्ली के लिए न केवल निराशाजनक थी। बल्कि यह उनकी 21वीं हार थी मुंबई इंडियंस के खिलाफ, जो IPL में किसी एक टीम के खिलाफ उनकी सबसे बुरी रिकॉर्ड है।
दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2025 की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी। अक्षर पटेल की कप्तानी में टीम ने अपने पहले चार मैच जीते, जिसमें केएल राहुल और अभिषेक पोरेल जैसे बल्लेबाजों ने बेहद शानदार प्रदर्शन किया। लेकिन, इसके बाद टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता गया। पिछले पांच मैचों में चार हार और एक मैच बारिश के कारण रद्द होने से दिल्ली की उम्मीदें धूमिल हो गईं। गुजरात टाइटंस के खिलाफ हालिया 10 विकेट की हार ने भी उनकी कमजोरियों को उजागर किया, जहां केएल राहुल के शतक (60 गेंदों में 100) के बावजूद टीम 199/3 का स्कोर नहीं बचा सकी।
मुंबई के खिलाफ हार
मुंबई इंडियंस के खिलाफ यह हार दिल्ली के लिए ऐतिहासिक रूप से मानी जा रही है। IPL के इतिहास में यह पहला मौका है जब कोई टीम शुरुआती चार जीत के बाद भी प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी। इस हार ने न केवल दिल्ली के प्रशंसकों को निराश किया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी उनकी जमकर आलोचना कर रही है।
Leave a comment