
Chitrakoot - उत्तर प्रदेश के बांदा से सटे चित्रकूट जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपने 5 साल के मासूम बच्चे की गला काटकर हत्या कर दी है। जानकारी के मुताबिक, रात में बच्चे के रोने से उसकी नींद में खलल पड़ने से पिता गुस्से में था।नींद में खलल पड़ने से नाराज पिता ने अपने ही बेटे का कुल्हाड़ी से गला रेत दिया। पुलिस ने कहा है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
इस पूरी घटना की जानकारी पुलिस ने सोमवार को दी। पुलिस ने बताया कि मऊ थाना क्षेत्र के दुवारी गांव में रविवार की रात पिता ने अपने बच्चे की हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, 35 साल के राजकुमार निषाद ने अपने 5 साल के बेटे की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी।
खुद को आग लगा ली
जानकारी के मुताबिक, बेटे का गला काटने के बाद आरोपी ने खुद को कमरे में बंद कर आग लगा ली। शोर सुनकर पड़ोसी ग्रामीणों ने कमरे का दरवाजा खोला और राजकुमार निषाद को बचाया। इसके बाद आरोपी को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बच्चे की हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
आरोपी ने क्या बताया?
बच्चे की हत्या के आरोपी राजकुमार निषाद को जब पुलिस ने गिरफ्तार किया तो पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया है कि उसका बेटा रात को सोते समय रोने लगा, जिससे गुस्से में आकर उसने कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन काट दी।
Leave a comment