
Shahdara Double Murder: दिल्ली के शाहदरा में दीपावली के मौके पर एक ही परिवार के 2 लोगों की हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड 16 साल का लड़का बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हत्या को अंजाम देने के लिए उसने एक शूटर को हायर किया था। इस हत्या की योजना उसने करीब 17 दिन पहले ही बना ली थी। इस घटना का एक CCTV फुटेज भी अब सामने आया है।
CCTVफुटेज से हुआ खुलासा
CCTVवीडियो में मृतक आकाश शर्मा, उनका भतीजा ऋषभ शर्मा (16) और बेटा कृष शर्मा (10) अपने घर के बाहर संकरी सड़क पर पटाखे जलाते नजर आ रहे हैं। इसके बाद एक शख्स दोपहिया वाहन पर आता है और आकाश शर्मा के पैर छूता है, जबकि दूसरा वहीं खड़ा रहता है। कुछ सेकंड बाद, दूसरे व्यक्ति ने आकाश पर लगभग पांच गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौत हो गई और उसका बेटा घायल हो गया। आकाश का भतीजा हमलावरों के पीछे दौड़ा तो बदमाशों ने उसे भी गोली मार दी।
पुलिस की जारी है जांच
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आपसी दुश्मनी का मामला लग रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, आकाश के भाई और मां ने बताया कि वे हमलावरों में से एक को जानते हैं और उनके बीच कई सालों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस ने कहा कि पीड़िता के परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जाएंगे और इस संबंध में जांच जारी है।
Leave a comment