DELHI: बुराड़ी में संदिग्ध हालत में हुए धमाके में 2 नाइजीरियन की मौत, जांच में पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

DELHI: बुराड़ी में संदिग्ध हालत में हुए धमाके में 2 नाइजीरियन की मौत, जांच में पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

Delhi Crime: राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक घर में धमाका हो गया। इसमें दो नाइजीरियाई नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। नाइजीरियाई दूतावास को भी पूरी घटना की जानकारी दे दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, नाइजीरियाई मूल के चार नागरिक 10 फरवरी को वेस्ट कमल विहार के एक मकान में किराए पर रहने आए थे। इनमें क्रिस्टन और कंबरी नाम की महिलाएं भी थीं। दोनों के पास दिसंबर तक का वीजा था। 24 फरवरी की रात उनके घर में जोरदार विस्फोट हुआ और फिर आग लग गई। इसमें दो लोग झुलस गये।

विस्फोट के बाद भी लोगों ने पुलिस को नहीं दी सूचना

इतना सब कुछ होने के बाद भी आसपास के लोगों और खुद इन लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को कोई सूचना नहीं दी। दोनों घायल को उत्तम नगर स्थित अपने परिचित के घर ले गए। वहां से उनकी हालत बिगड़ती देख उन्हें एम्स ले जाया गया। दोनों को एम्स में भर्ती कराया गया और इलाज शुरू किया गया। अस्पताल में घायल का पता उत्तम नगर बताया गया। इसलिए अस्पताल ने मामले की जानकारी उत्तम नगर थाने को दी, लेकिन हादसा बुराड़ी में हो गया। इसलिए जब इस बात का पता चला तो केस को बुराड़ी थाने में ट्रांसफर कर दिया गया। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी थी, तभी दोनों नाइजीरियाई नागरिकों की मौत की खबर आ गई। इसके बाद बुराड़ी थाना पुलिस भी हरकत में आई और लापरवाही से मौत की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

जांच में पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

पुलिस जांच में पता चला कि घटना के वक्त मृतक और उसके दो दोस्त कोई नशीला पदार्थ बना रहे थे, जिसमें केमिकल डालते समय विस्फोट हो गया और घर में आग लग गई। इस हादसे में दो नाइजीरियाई नागरिकों की मौत हो गई। फिलहाल बुराड़ी थाना पुलिस जांच में जुटी है। घटना वाली रात के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगालने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने नाइजीरिया दूतावास को भी घटना की जानकारी दे दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a comment