
Rahul Gandhi Germany Tour: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी जर्मनी दौरे से पहले ही हंगामा शुरू हो गया है। भाजपा ने राहुल गांधी के विदेश दौरे पर सवाल उठाए हैं, तो वहीं, प्रियंका गांधी भी राहुल गांधी के बचाव में खड़ी हो गई हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि विपक्ष के नेता पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं? जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना लगभग आधा समय देश के बाहर बिताते हैं।
भाजपा ने राहुल गांधी की जर्मनी यात्रा से पहले तंज कसा। भाजपा ने कहा कि राहुल तो विपक्ष के नेता नहीं बल्कि पर्यटन के नेता हैं। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया पर लिखा कि संसद 19 दिसंबर तक चल रही है। लेकिन, राहुल गांधी 15 से 20 दिसंबर तक जर्मनी जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार चुनाव के दौरान राहुल गांधी विदेश में थे और बाद में जंगल सफारी पर चले गए थे।
प्रियंका गांधी ने किया पलटवार
कांग्रेस महासचिव और राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी ने कहा कि पीएम मोदी अपना कामकाजी समय देश के बाहर बिताते हैं। फिर वह विपक्षी नेता के विदेशी दौरे पर सवाल क्यों उठा रहे हैं? वहीं, लोकसभा में विपक्ष के उप नेता गौरव गोगोई ने कहा कि भाजपा और पीएम मोदी के पास कथित चुनावी गड़बड़ियों पर राहुल गांधी के सवालों का कोई जवाब नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के सवालों का जवाब नहीं होता, तो उनके पास उन्हें बदनाम करने के अलावा कोई उपाय नहीं बचता।
राहुल गांधी का जर्मनी दौरा
राहुल गांधी 15 से 20 दिसंबर तक जर्मनी की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे जर्मन सरकार के मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। साथ ही प्रवासी भारतीयों से बातचीत करेंगे। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस यूके के महासचिव विक्रम दुहान ने कहा कि राहुल गांधी की जर्मनी यात्रा भारत में वैश्विक भूमिका पर बातचीत के लिए मंच प्रदान करेगी। राहुल गांधी 17 दिसंबर को बर्लिन में प्रवासी भारतीय के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में पूरे यूरोप से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के सभी अध्यक्ष भी एकजुट होंगे।
Leave a comment