स्वाति मालीवाल को कार चालक ने 15 मीटर तक घसीटा, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

स्वाति मालीवाल को कार चालक ने 15 मीटर तक घसीटा, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

दिल्ली महिला आयोग (Delhi Women Commission) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल (Swati Maliwal) के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। दिल्ली AIIMS के पास स्वाति मालीवाल को कार से 15-20 मीटर तक घसीटा गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी दिल्ली पुलिस और स्वाति मालीवाल की तरफ से दी गई है।

स्वाति मालीवाल ने अपने ट्वीट में लिखा, "कल देर रात मैं दिल्ली में महिला सुरक्षा के हालात  Inspect कर रही थी। एक गाड़ी वाले ने नशे की हालत में मुझसे छेड़छाड़ की और जब मैंने उसे पकड़ा तो गाड़ी के शीशे में मेरा हाथ बंद कर मुझे घसीटा। भगवान ने जान बचाई। यदि दिल्ली में महिला आयोग की अध्यक्ष सुरक्षित नहीं, तो हाल सोच लीजिए।"

दिल्ली पुलिस ने मामले पर कहा कि स्वाति मालीवाल को कार द्वारा 10-15 मीटर तक घसीटा गया, सुबह करीब 3.11 बजे AIIMS के गेट नंबर-2 के सामने कार सवार युवक ने उनको कार में बैठने के लिए कहा। आरोपी की इस हरकत पर जब मालीवाल उसको फटकार लगा रही थीं तो उसने कार का शीशा बंद कर दिया। इस दौरान स्वाति मालीवाल का हाथ उसमें फंस गया और चालक उन्हें 10-15 मीटर तक घसीटा हुआ ले गया। 

आरोपी गिरफ्तार

फ़िलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इसकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा उस कार चालक को गिरफ्तार भी कर लिया गया है और उससे जानकारी ली जा रही है। पुलिस के मुताबिक रात 3:11 बजे एक पीसीआर पर उन्हें एक कॉल आया कि एम्स बस स्टॉप के पीछे सफेद रंग की बलेनो कार के चालक ने एक महिला को गलत इशारे किए और उन्हें घसीटता हुआ ले गया। हालांकि महिला अपनी जान बचाने में कामयाब रही।

Leave a comment