
Jamia Habibia Madrasa Prayagraj: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से पिछले दिनों एक मदरसे में नकली नोट छापने का मामला सामने आया था। जिसके बाद अब पुलिस सख्त कार्रवाई करने में जुटी है। जानकारी के अनुसार, मदरसे पर अब प्रशसान बुलडोजर की कार्रवाई करने वाली है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण के अनुसार, मदरसे का निर्माण अवैध रुप से किया गया है। हालांकि, नकली नोट छापने का मामला सामने आते ही पुलिस ने मदरसे को सील कर दिया था। साथ ही मदरसे के तीन बैंक खातो को भी सीज कर दिया था। दरअसल, जांच में यह पता चला कि मदरसे में विदेश से भारी मात्रा में पैसा आता था। वर्तमान में मदरसे के बैंक अकाउंट में 40 लाख रुपए जमा है। गौरतलब है कि देश के अलग-अलग हिस्सों से इस मदरसे में करीब 140 बच्चे रहते थे।
मदरसे पर चलेगा बुलडोजर
वहीं प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने भी मदरसे पर शिकंजा कसते हुए पहले उसको अवैध निर्माण कराने के मामले में सील किया, उसके बाद आज प्राधिकरण की तरफ से मदरसे के गेट पर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया। इस नोटिस में साफ-साफ लिखा है कि मदरसे में जो भी निर्माण हुआ है उसका नक्शा और उसके बारे में विस्तृत जवाब 18 तारीख तक देना होगा। अगर मदरसे के अवैध निर्माण का सन्तोषजक जवाब पीडीए को नहीं मिला, तो पीडीए बुलडोजर से मदरसे के सभी निर्माण को ध्वस्त करेगा। हालांकि मदरसे पर बुलडोजर एक्शन की उम्मीद ज्यादा है, क्योंकि मदरसे के निर्माण का कोई भी नक्शा पास नहीं है। नए और पुराने सभी निर्माण मदरसे को संचालित करने वाली सोसायटी ने बिना पीडीए से ले-आउट पास कराए ही करवा लिया था।
पूछताछ में हो सकते हैं कई खुलासे
गौरतलब है कि इस नकली नोट छापने मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस मामले में मदरसे के प्रिंसिपल तफसिरुल अरिफीन और मदरसे के मौलाना जाहिर खान सहित दो और लड़कों को गिरफ्तार किया था। अब इन तमाम आरोपियों से पूछताछ करने के लिए पुलिस कोर्ट जाने वाली है। पुलिस आरोपियों की रिमांड की अर्जी दाखिल की है, जिसपर शनिवार को कोर्ट फैसला सुनाएगी। हालांकि, रिमांड मिलने के बाद कई बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं। इस सबके इत्तर अब मदरसे के विदेशी फंड और इन लोगों के किसी कट्टरपंथी संगठन से संबंधों के बारे में पुलिस पता लगा रही है।
Leave a comment