
Tuglak Marg Name Change By BJP MP: समय-समय पर देश के विभिन्न हिस्सों में शहर और गांव का नाम बदलने की मांग सामने आती रहती है। ऐसे में कई शहर, गांव व रास्तों के नाम भी बदले गए हैं। राजधानी दिल्ली में भी भाजपा सरकार बनने के बाद भी कई जगहों का नाम बदलने का प्रस्ताव सामने आ चुका है। इस बीच भाजपा सांसदों ने खुद ही अपने सरकारी आवास का पता बदल लिया है। उत्तर प्रदेश के पूर्व डिप्टी सीएम और सांसद दिनेश शर्मा और केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने दिल्ली स्थित अपना पता विवेकानंद मार्ग कर लिया है। जबकि आधिकारिक रूप से इसका पता तुगलक लेन है। अभी तक आधिकारिक रुप से तुगलक लेन का नाम नहीं बदला गया है। हालांकि, दिनेश शर्मा और कृष्णपाल गुर्जर के द्वारा नाम बदलने के कारण राजनीतिक बहस शुरु हो गई है।
दिनेश शर्मा ने पोस्ट की फोटो
दरअसल, शुक्रवार को दिनेश शर्मा ने आवंटित सरकारी आवास में गृह प्रवेश किया। उन्होंने सपरिवार पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-पाठ करके सरकारी बंगला में प्रवेश किया। इस मौके की तस्वीर को पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, “आज नई दिल्ली स्थित नए आवास स्वामी विवेकानंद मार्ग (तुगलक लेन) में सपरिवार विधि विधानपूर्वक, पूजन-अर्चन कर गृह प्रवेश किया।“जिसके बाद यह चर्चा शुरु हो गई कि जब आधिकारिक रुप से नाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है तो आखिर कैसे दिनेश शर्मा सहित अन्य लोगों ने तुगलक लेन का नाम विवेकानंद मार्ग रख दिया है। बता दें, दिनेश शर्मा और कृषमणपाल गुर्जर के अलावा अन्य सांसदों और वाइस एडमिरल किरण देशमुख ने भी अपना पता बदल लिया है।
दिल्ली के कई इलाकों के नाम बदलने का प्रस्ताव
गौरतलब है कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद कई शहरों के नाम को बदलने की मांग विधायकों ने की है। भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने मुस्तफाबाद का नाम बदलकर शिवपुरी या शिव विहार करने की मांग की है। वहीं, भाजपा विधायक नीलम पहलवान ने नजफगढ़ का नाम बदलकर नाहरगढ़ करने का प्रस्ताव रखा है। इसके पीछे उन्होंने ऐतिहासिक तथ्य दिए हैं। इसके अलावा भी दिल्ली के कई सड़कों के नाम, जो आक्रांताओं के नाम पर है, उसे बदलने की मांग होती रही है। कई संगठनों के द्वारा समय-समय पर भी इसको लेकर विरोध किया है।
Leave a comment