Mahagathbandhan In Bihar: बिहार में 2025 के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। लेकिन इससे पहले महागठबंधन में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस के अंदर ही इस मुद्दे पर मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं।
बिहार कांग्रेस प्रभारी ने हाल ही में बयान दिया था कि मुख्यमंत्री का चेहरा ‘इंडिया गठबंधन’ की बैठक में मिलकर तय किया जाएगा। लेकिन इस बयान के बाद कांग्रेस के नेताओं के बीच विवाद गहरा गया। कांग्रेस विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि महागठबंधन ने अभी तक किसी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। लेकिन इसी दौरान कांग्रेस के एक अन्य विधायक मुन्ना तिवारी ने उनके बयान को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले ही तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं।
तेजस्वी यादव पर कांग्रेस नेताओं में असहमति
कांग्रेस विधायक मुन्ना तिवारी ने प्रेस से बात करते हुए कहा, "निर्णय पहले ही लिया जा चुका है। इंडिया गठबंधन पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगा और तेजस्वी यादव ही मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे।" उन्होंने कहा कि दिल्ली में आधिकारिक रूप से घोषणा हो चुकी है, फिर इस पर दो तरह की बातें क्यों हो रही हैं?
वहीं, कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने अलग राय रखते हुए कहा कि बिहार में जिस पार्टी को बहुमत मिलेगा, उसी का मुख्यमंत्री बनेगा। उन्होंने कहा कि आरजेडी ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, और अगर उसे बहुमत मिला तो मुख्यमंत्री भी उसी का होगा।
एनडीए ने चुनाव की तैयारियां तेज कीं
महागठबंधन में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर विवाद जारी है, लेकिन दूसरी तरफ एनडीए ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को दिल्ली में एनडीए नेताओं का स्नेह मिलन समारोह आयोजित हुआ, जिसमें चुनावी रणनीतियों पर चर्चा हुई।
बैठक में दो केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और चिराग पासवान ने घोषणा की कि एनडीए बिहार में 225सीटों पर चुनाव लड़ेगा। चिराग पासवान ने कहा, "एनडीए इस बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा। यह एक मजबूत गठबंधन है, जिसका अब तक का स्ट्राइक रेट 100%रहा है।"
बिहार की राजनीति में बढ़ी हलचल
बिहार चुनाव 2025 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। एक तरफ महागठबंधन में मुख्यमंत्री चेहरे पर मतभेद गहराते जा रहे हैं, तो दूसरी ओर एनडीए आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि महागठबंधन किसे मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करता है और बिहार की जनता किसे सत्ता सौंपती है।
Leave a comment