
Rajnath Singh In Patna: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ गई है। इस बीच बुधवार को राजधानी पटना में भाजपा प्रदेश कार्यकारणी की बड़ी बैठक का आयोजन हुआ। इस बैठक में बिहार भाजपा के तमाम दिग्गज नेताओं ने शिरकत की। साथ ही केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान राजनाथ सिंह ने बैठक में आए विधायकों, सांसदों और कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा में हर कोई कार्यकर्ता की भावना से काम करता है, चाहे वो किसी भी पद पर हो। उन्होंने कहा कि यही हमारी पार्टी की मजबूती का आधार है और इसी का परिणाम है कि आज भाजपा पूरे विश्व में सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है।
“राष्ट्रहित सर्वोपरि रखा जाए”
राजनाथ सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "यह केवल एक संगठन की बैठक नहीं है, बल्कि उस संकल्प की पूर्ति के लिए एक संकल्प सभा है, जिसे हमें बिहार और भारत दोनों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए लेना है। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 11 वर्षों में दिखा दिया है कि भारत बदल सकता है और आगे बढ़ सकता है, बशर्ते नेतृत्व मजबूत हो, नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखा जाए। हमें बिहार के हर निवासी के दिल में यही विश्वास जगाना है।"
रक्षा मंत्रीने आगे कहा, "कांग्रेस और आरजेडी जैसी पार्टियों का एक ही उद्देश्य है, सत्ता में बने रहना। जबकि भाजपा का उद्देश्य भारत के प्रत्येक नागरिक के लिए सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना है। ऐसी नीतियां बनाना है जिसमें समाज के हर वर्ग का विकास हो। सभी को आत्मसम्मान के साथ जीने का अधिकार मिले, यह भी हमारी सरकार ने किया है। हम सभी भारत की अर्थव्यवस्था को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रयासरत हैं।"
क्यों बुलाई गई बैठक?
बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यकारणी की बैठक पर सबकी नजरें टिकी थीं। विधानसभा चुनाव से पहले इस बैठक अहम माना जा रहा है। बिहार में 2020 विधानसभा चुनाव में भाजपा सूबे की दूसरी बड़ी पार्टी बनी थी। ऐसे में संगठन को कैसे इस बार पूरी ताकत से जमीन पर उतार कर काम करवाया जाए, इसी मुद्दे पर चर्चा बैठक की गई। गौरतलब है कि भाजपा फ्रंट फुट पर आकर राजनीतिक बयानबाजी कर रही है। राजद नेता तेजस्वी यादव के हर बयानों का पलटवार भाजपा नेताओं के द्वारा प्रखर रुप से दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सक्रियता कम होने के कारण भाजपा उस स्पेस में अपनी जगह बनाने में जुटी हुई है। हालांकि, अभी भी भाजपा यही कह रही है कि आगामी विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ी जाएगी।
Leave a comment