Bihar News:बिहार की राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मैकडॉनल्ड्स और डोमिनोज के आउटलेट्स का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। 17 अक्टूबर 2026 को हुई इस कार्रवाई के दौरान डोमिनोज के दो आउटलेट्स से करीब 160 खराब पिज्जा स्क्रीन बरामद किए गए, जिन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। इनकी कीमत करीब 32 हजार रुपये बताई गई है। खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भंडारण व्यवस्था और कीट नियंत्रण की जांच की। निरीक्षण में दोनों प्रतिष्ठानों में कई कमियां सामने आईं। विभाग ने संबंधित संचालकों को सुधार के निर्देश देते हुए 14 दिनों का नोटिस जारी किया है।
पटना के ईस्ट गांधी मैदान स्थित मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट में निरीक्षण के दौरान भंडार गृह की साफ-सफाई संतोषजनक मिली और कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र भी उपलब्ध थे। हालांकि, कचरे का डिब्बा खुला पाया गया और मुख्य दरवाजे पर कीट नियंत्रण के लिए एंटीसेप्टिक डोरमैट नहीं था। इसके अलावा, सार्वजनिक मेनू कार्ड पर खाद्य पदार्थों से संबंधित एलर्जी की चेतावनी भी नहीं दी गई थी। अधिकारियों ने संचालक को कचरे के डिब्बे को ढककर रखने, स्वच्छता में सुधार करने और कीट नियंत्रण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मस्टर्ड सॉस का नमूना भी जांच के लिए लिया। प्रतिष्ठान को कमियां दूर करने के लिए 14 दिनों का सुधार नोटिस दिया गया है।
डोमिनोज के दो आउटलेट्स में मिले 160 खराब पिज्जा स्क्रीन
डोमिनोज के एम्बिशन ओझा प्लाजा, कदमकुआं और लोहिया नगर, कंकड़बाग स्थित आउटलेट्स की जांच में कई खामियां सामने आईं। लोहिया नगर आउटलेट में करीब 110 और कदमकुआं आउटलेट में करीब 50 खराब पिज्जा स्क्रीन पाए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 38(4) के तहत मौके पर ही नष्ट करा दिया। इनकी कुल कीमत लगभग 32 हजार रुपये बताई गई है। निरीक्षण में ड्रेनेज सिस्टम, कटिंग बोर्ड और शेल्फ की सफाई में कमियां मिलीं। इसके अलावा, डीप फ्रीजर के तापमान की निगरानी से जुड़ी लॉग बुक और कच्चे माल के रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे। अधिकारियों ने वेज और नॉन-वेज खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने का निर्देश दिया।
दिनों में सुधार नहीं किया तो लाइसेंस पर हो सकती है कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और कीट नियंत्रण से जुड़ी कमियां दूर करने का निर्देश दिया है। डोमिनोज के आउटलेट्स में पानी जमा होने, ग्राहकों के लिए रखी सॉस की बोतलों की उचित सफाई नहीं होने और कीट नियंत्रण रिपोर्ट में निर्धारित तारीख दर्ज नहीं होने जैसी समस्याएं भी पाई गईं। अधिकारियों ने तापमान लॉग बुक, कच्चे माल के रिकॉर्ड और कीट नियंत्रण रिपोर्ट नियमित रूप से बनाए रखने को कहा है। निर्धारित अवधि के बाद प्रतिष्ठानों को सुधार का अनुपालन प्रमाण कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा। निर्देशों का पालन नहीं करने पर लाइसेंस निलंबित या रद्द करने जैसी कार्रवाई की जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण जारी रहेगा।
Also read: Bihar News:CM सम्राट चौधरी का बड़ा बयान, मेडिकल कॉलेजों में मरीजों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवा