
Gopal Mandal In Holi Milan: बिहार की राजनीति में जब भी किसी बेबाक और मनोरंजक नेता की बात होती है, तो जदयू विधायक गोपाल मंडल का नाम सबसे पहले आता है। उनकी बिंदास शैली और बेधड़क बयानों के लिए वह जाने जाते हैं। इस बार होली मिलन समारोह में उन्होंने ऐसा रंग जमाया कि मंच पर ही लोकगायक बन गए। ठुमके लगाए और फिर जोगीरा गाने लगे, जिससे माहौल गरम हो गया।
अब उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बिहार की राजनीति में गुलाल से ज्यादा बवाल उड़ रहा है।
स्टेज पर विधायक जी का धमाकेदार डांस
यह घटना नवगछिया हाई स्कूल में एनडीए के होली मिलन समारोह की है। मंच पर लोकगायक छैला बिहारी गाना गा रहे थे। तभी विधायक गोपाल मंडल भी रंग में आ गए। पहले वे धीरे-धीरे मंच के पास पहुंचे, फिर बिना बुलाए स्टेज पर चढ़ गए। इसके बाद उनका जबरदस्त डांस शुरू हुआ।
जैसे ही छैला बिहारी ने गाया"पानी में बुनका बुनकेय छेय भौजी...", विधायक जी खुद को रोक नहीं पाए। पहले हल्के-फुल्के नाचे, लेकिन जैसे ही जनता ने सीटियां बजानी शुरू कीं, वह पूरे एक्शन में आ गए।
जोगीरा में ठुमके और विवादित बोल
सिर्फ डांस ही नहीं, विधायक जी ने माइक पकड़कर जोगीरा भी गाने लगे। लेकिन यह कोई साधारण जोगीरा नहीं था। इसमें डबल मीनिंग और अश्लील शब्दों की भरमार थी। समर्थक हंसते रहे, लेकिन कुछ बुजुर्ग और महिलाएं शर्म से सिर झुका लीं।
डांस और गाने के बीच विधायक जी ने एक और बयान दे दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया। उन्होंने माइक पर कहा, "हम रोजाना डांस करते हैं और रोजाना चुम्मा भी लेते हैं।" फिर बोले, "हम संगीत से प्रेम करते हैं, इसलिए नाचते हैं। बढ़िया संगीत सुनकर पागल आदमी भी नाचने लगता है।"किसी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। इसके बाद राजनीति में रंग के साथ बवाल भी उड़ने लगा।
विपक्ष के तंज, जदयू चुप
विधायक जी के इस होली धमाल के बाद विपक्ष ने तंज कसने शुरू कर दिए।पूर्व सांसद और भाजपा नेता अनिल कुमार यादव ने फेसबुक पर लिखा, "गोपाल मंडल जी, आप विधायक हैं या भोजपुरी फिल्म के आइटम सांग डांसर?" वही विपक्षी नेता नीरज प्रताप सिंह ने कटाक्ष किया, "होली में जोगीरा चलता है, लेकिन विधायक जी, यह राजनीति है, 'मुजरा मंच' नहीं।"
अब इस पूरे मामले पर जदयू की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन बिहार की राजनीति में यह वीडियो जमकर सुर्खियां बटोर रहा है।
Leave a comment