चिराग पासवान का तेजस्वी-राहुल को खुला चैलेंज, कहा - हिम्मत है तो बिहार चुनाव का करें बहिष्कार

चिराग पासवान का तेजस्वी-राहुल को खुला चैलेंज, कहा - हिम्मत है तो बिहार चुनाव का करें बहिष्कार

Chirag Paswan On Tejashwi Rahul: बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने विपक्षी नेताओं तेजस्वी यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए एक तीखी चुनौती दी है। उन्होंने कहा 'अगर हिम्मत है तो बिहार विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करके दिखाएं।'

चिराग पासवान ने साफ किया अपना लक्ष्य

चिराग पासवान ने हाल ही में घोषणा की है कि उनकी पार्टी 2025 के विधानसभा चुनाव में बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यह फैसला उनकी महत्वाकांक्षा और बिहार की राजनीति में एक मजबूत स्थान बनाने की रणनीति को दर्शाता है। उन्होंने कहा 'मैं बिहार के लिए, बिहारियों के लिए चुनाव लड़ूंगा। मेरा लक्ष्य 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' है।'

उनका यह बयान न केवल विपक्षी दलों बल्कि NDA के सहयोगी दलों के लिए भी एक संदेश है। उन्होंने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष मतदाता सूची में हेरफेर और लोकतंत्र पर हमले का भ्रम फैला रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह सामान्य सीट से चुनाव लड़ने को तैयार हैं, जिससे उनकी सियासी जमीन को और मजबूत करने की मंशा झलकती है।

चिराग पासवान के निशाने पर तेजस्वी और राहुल

चिराग पासवान का यह बयान तब आया है, जब विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर नीतीश सरकार पर हमलावर हैं। तेजस्वी यादव और राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि मतदाता सूची में हेरफेर कर मतदाताओं के अधिकारों को छीना जा रहा है। इसके जवाब में चिराग ने कहा 'विपक्ष झूठे वादों और डर फैलाने की राजनीति करता है। अगर उन्हें इतनी ही आपत्ति है, तो हिम्मत दिखाएं और चुनाव का बहिष्कार करें।'

बता दें, चिराग का यह बयान तेजस्वी और राहुल के लिए एक सीधी चुनौती है। क्योंकि चुनाव बहिष्कार जैसे कदम से विपक्ष की रणनीति को बड़ा झटका लग सकता है। साथ ही, चिराग ने यह भी कहा कि तेजस्वी कभी भी चुनाव बहिष्कार जैसे जोखिम भरे कदम नहीं उठाएंगे, क्योंकि उनकी सियासत वोट बैंक पर टिकी है।

Leave a comment