Twisha Sharma Case: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम गुरुवार को पूर्व जज गिरिबाला सिंह के घर पहुंची और कई घंटों तक उनसे पूछताछ की। इस मामले में सास गिरिबाला सिंह गिरफ्तारी हो चुकी हैं। जानकारी के अनुसार, सीबीआई के अधिकारी सुबह करीब 10:30 बजे गिरिबाला सिंह के घर पहुंचे थे। पिछले तीन घंटे से ज्यादा समय तक टीम घर के अंदर मौजूद रही। सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई अधिकारियों ने घर का डिजिटल नक्शा तैयार किया और मामले से जुड़े कई सवाल पूछे। इस दौरान गिरिबाला सिंह के वकील इनोश जार्ज कार्लो भी उनके घर पहुंचे।
अग्रिम जमानत हुई रद्द
दरअसल, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने हाल ही में ट्विशा शर्मा केस में गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि अब तक जुटाए गए सबूत, गवाहों के बयान और व्हाट्सऐप चैट्स में उनके खिलाफ गंभीर आरोप सामने आए हैं। अदालत ने यह भी कहा कि जमानत मिलने के बाद आरोपी ने जांच में पूरा सहयोग नहीं किया। सीबीआई ने सुनवाई के दौरान कोर्ट में कई गंभीर दावे किए। जांच एजेंसी के अनुसार, ट्विशा शर्मा के शरीर पर चोट के निशान पाए गए थे, जिनका संतोषजनक जवाब ससुराल पक्ष नहीं दे पाया। मेडिकल रिपोर्ट में भी यह साफ हुआ कि ये चोटें शव को फंदे से उतारने के दौरान नहीं लगी थीं।
ट्विशा पर डाला गया था गर्भपात का दबाव
जांच एजेंसी ने कोर्ट को बताया कि व्हाट्सऐप चैट्स से पता चलता है कि ट्विशा के गर्भवती होने के बाद उनके चरित्र पर शक किया गया था। आरोप है कि उन पर गर्भपात का दबाव बनाया गया और दहेज को लेकर भी प्रताड़ित किया गया। सीबीआई ने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर वीडियो का चुनिंदा हिस्सा वायरल कर सबूतों को प्रभावित करने की कोशिश की गई। एजेंसी का कहना है कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए गिरिबाला सिंह से हिरासत में पूछताछ जरूरी है।
फिलहाल CBI मामले की गहराई से जांच कर रही है। हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत रद्द होने के बाद अब गिरिबाला सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पूरे मामले पर सबकी नजर बनी हुई है।
Also read: ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला फेसम यूट्यूबर गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा पुलिस रिमांड पर, जानें कौन है वो