अंधविश्वास ने ममता को किया कलंकित, तांत्रिक के कहने पर मां ने 4 माह के बेटे की दी बलि

अंधविश्वास ने ममता को किया कलंकित, तांत्रिक के कहने पर मां ने 4 माह के बेटे की दी बलि

सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश से ममता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सुल्तानपुर जिले में कलयुगी मां ने अंधविश्वास के चलते तांत्रिक के कहने पर अपने ही चार महीने के बेटे की बलि दे दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं सुचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया।
 
सुल्तानपुर जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धनऊडीह गांव में रविवार को ये वारदात हुई। जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला का नाम मंजू है। उसका पति शिवकुमार कानपुर में मजदूरी का काम करता है। मंजू गांव में ही परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ही रहती है। आरोपी महिला ने 4 महीने पहले ही बेटे को जन्म दिया था, जिससे परिवार के सभी लोग काफी खुश थे। 
 
जानकारी के मुताबिक, रविवार को महिला ने 9:00 बजे गांव में काली प्रतिमा के सामने मंजू ने अपने 4 माह के बच्चे प्रीतम की फावड़े से काट कर बलि दे दी। ग्रामीणों का कहना है कि मंजू मानसिक रूप से बीमार है। वो अक्सर अजीबो-गरीब हरकतें किया करती थी। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वो एक दिन अपने ही बेटे को मार देगी। 
 
हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि मंजू किसी तांत्रिक के चक्कर में पड़ी हुई थी। उसने मनोकामना पूरी करने के लिए ही तांत्रिक के कहने पर अपने बच्चे की बलि दे दी है। लेकिन इस बात का खुलासा तभी हो सकता है, जब मंजू के बयान दर्ज होंगे। फ़िलहाल पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मंजू को गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a comment