
Vivek Ramaswami Resign DOGE: अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी अब ट्रंप के सरकारी दक्षता विभाग (DOGE) का हिस्सा नहीं होंगे। बता दें, अपने मंत्रीमंडल के चयन के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने विवेक रामास्वामी को एलन मस्क के साथ मिलकर सरकारी दक्षता विभाग (DOGE) का नेतृत्व करने के लिए चुना था। लेकिन अब विवेक रामास्वामी ने DOGE से इस्तीफा दे दिया है। इस फैसले के पीछे की एक बड़ी वजह सामने आई है।
इस्तीफा देने की क्या है वजह?
मिली जानकारी के अनुसार, DOGE के प्रवक्ता अन्ना केली ने बताया कि विवेक रामास्वामी ओहियो के गवर्नर के लिए चुनाव लड़ना चाहते हैं। इसलिए उन्हें इस विभाग से बाहर होना पड़ रहा है। हालांकि अभी गर्वनर पद के लिए ऑफिशियल ऐलान नहीं किया गया है।
बता दें, भारतीय-अमेरिकी उद्यमी विवेक रामास्वामी ने सबसे पहले राष्ट्रपति चुनाव लड़ने का फैसला किया था। उन्होंने भी रिपब्लिकन पार्टी की ओर से उम्मीदवारी भी पेश की थी। लेकिन अब उन्होंने ओहियो के गवर्नर के लिए चुनाव लड़ने का इरादा जताया है।
विवेक रामास्वामी ने शेयर किया पोस्ट
इस्तीफा देने के ऐलान के बाद विवेक रामास्वामी ने अपने एक्स अकांउट पर एक पोस्ट भी किया है। विवेक रामास्वामी ने लिखा 'DOGE के निर्माण में सहायता करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। मुझे विश्वास है कि एलन और उनकी टीम सरकार को सुव्यवस्थित करने में सफल होगी।'
उन्होंने ओहियो के गवर्नर के लिए चुनाव लड़ने पर कहा 'मुझे ओहियो में अपनी भविष्य की योजनाओं के बारे में बहुत जल्द ही कुछ और कहना होगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम अमेरिका को फिर से महान बनाने में राष्ट्रपति ट्रंप की मदद करने के लिए तैयार हैं!'
कौन है विवेक रामास्वामी?
बता दें, भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी बायोटेक कारोबार में जाना-माना चेहरा हैं। रामास्वामी दवाओं को विकसित करने के लिए बायोटेक कंपनी रोइवेंट साइंसेज चलाते हैं। उन्होंने 2016 की सबसे बड़ी जैव प्रौद्योगिकी फर्म मायोवैंट साइंसेज की स्थापना की थी। अप्रैल में कंपनी बनाने के बाद उन्होंने प्रोस्टेट कैंसर की दवा और महिला बांझपन की दवा के लिए टाकेडा फार्मास्युटिकल्स के साथ एक सौदा किया था।
फोर्ब्स पत्रिका के अनुसार, 2014 में 30 से कम उम्र वाले सबसे अमीर उद्यमियों में विवेक 30वें स्थान पर थे। वहीं 2016 में 40 से कम उम्र वाले 24वें सबसे अमीर उद्यमी थे।
Leave a comment