Indian Hockey: सचिन और धोनी के बाद पीआर श्रीजेश को मिला ये सम्मान, हॉकी इंडिया ने किया ऐलान

Indian Hockey: सचिन और धोनी के बाद पीआर श्रीजेश को मिला ये सम्मान, हॉकी इंडिया ने किया ऐलान

PR Sreejesh’s Jersey Retired:  पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रदर्शन कुछ खास अच्छा नहीं रहा लेकिन राष्ट्रीय खेल हॉकी में भारत लगातार दूसरे ओलंपिक संस्करण में पदक पर कब्जा जमाने में कामयाब रहा। इन दोनों संस्करणों में एक खिलाड़ी का योगदान सबसे अहम रहा। भारतीय हॉकी टीम के महान गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने अपनी आखिरी ओलंपिक में भी भारत को कांस्य पदक दिलवाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई। हालांकि, रिटायर होने की घोषणा उन्होंने पेरिस ओलंपिक शुरु होने से पहले ही कर दी थी। अब हॉकी इंडिया ने पीआर श्रीजेश को लेकर बड़ी घोषणा की है। हॉकी इंडिया ने उनकी जर्सी को रिटायर कर दिया है। यानी कि अब श्रीजेश की 16 नंबर जर्सी हॉकी में कोई भी नहीं उपयोग कर पाएगा। बता दें, इससे पहले भी यह सम्मान भारत में कई खिलाड़ियों को दिया जा चुका है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने महेंद्र सिंह धोनी और सचिन तेंडुलकर की भी जर्सी को रिटायर कर दिया था। गौरतलब है कि जर्सी को रिटायर करने का फैसला खिलाड़ी के प्रति सम्मान जताने का एक तरीका है।

अब कोच की भूमिका में दिखेंगे श्रीजेश

भारते के 36 वर्षीय महान गोलगीपर पीआर श्रीजेश के इस्तीफे के बाद हॉकी इंडिया ने अहम जिम्मेदारी सौंप दी है। अब पीआर श्रीजेश गुरु की भूमिका में दिखाई देंगे। श्रीजेश को जूनियर टीम का कोच नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उनकी जर्सी नंबर 16 को रिटायर करके हॉकी इंडिया ने उन्हें सम्मानित किया है। इस मौके पर भोला नाथ ने श्रीजेश के सम्मान में आयोजित समारोह में कहा, ‘‘श्रीजेश अब जूनियर टीम के कोच बनने जा रहे हैं। हम सीनियर टीम के लिए 16 नंबर की जर्सी रिटायर कर रहे हैं। हम जूनियर टीम के लिए 16 नंबर की जर्सी को रिटायर नहीं कर रहे। श्रीजेश दूसरे श्रीजेश को जूनियर टीम में तैयार करेगा (श्रीजेश जूनियर टीम में अपने जैसे किसी खिलाड़ी को तैयार करेगा जो 16 नंबर की जर्सी पहनेगा)।’’

विनेश फोगाट को बताया था फाइटर

श्रीजेश ने विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित कर देनेके बाद अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था “विनेश को लेकर दो पहलू हैं। पहली बात की वो मेडल की हकदार हैं, क्योंकि फाइनल में पहुंचकर उन्होंने सिल्वर मेडल पक्का कर लिया था। उनसे मेडल छीन लिया गया। अंतिम समय में कहना कि आप फाइनल में खेलने के लिए अयोग्य हो, ये बड़ा दुखद है। अगर मैं उनकी जगह होता तो पता नहीं क्या करता। वह ‘फाइटर’ हैं।”इसके साथ ही उन्होंने  कहा कि “दूसरा पहलू ये है कि आप ओलंपिक्स में हिस्सा ले रहे हों तो आपको पूरी तरह से तैयार रहना चाहिए। ओलंपिक्स के जो नियम हैं, उसके बारे में आपको पता होता है। इसलिए आपको महासंघ, आयोजन समिति और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति को कोई मौका नहीं देना चाहिए। यह सभी के लिए सबक होना चाहिए। जब आप तैयारी कर रहे हो तो नियमों को लेकर अडिग रहो, क्योंकि ये खेल को खूबसूरत बनाने के लिए जरूरी हैं।”

 

Leave a comment