Aaj Ka Mausam 25 September: देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। IMD के मुताबिक दक्षिण छत्तीसगढ़ और आसपास के दक्षिणी आंतरिक ओडिशा में बने डिप्रेशन के कारण 26 सितंबर को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत करीब 11 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हरियाणा और दिल्ली में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे निचले क्षेत्रों में पानी भरने और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने का खतरा है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ सकती हैं।
राजधानी दिल्ली में बारिश के आसार
26 सितंबर को राजधानी दिल्ली के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। राजधानी के कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और बिजली गिरने का भी खतरा है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 27 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश और 28 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। वहीं उत्तर प्रदेश में भी मौसम का असर तेज रहेगा। लखनऊ, कानपुर, उन्नाव समेत कई जिलों में भारी बारिश के बीच 26 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान आंधी और गरज-चमक भी हो सकती है। राज्य में बारिश का सिलसिला 30 सितंबर तक जारी रहने का अनुमान है।
बिहार में बारिश की संभावना
बिहार में 26 सितंबर यानी आज मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। इसके अलावा 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक बिहार में बारिश का सिलसिला बने रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज
उत्तराखंड में 26 सितंबर को मौसम खराब रहने की संभावना है। देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल समेत राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, पहाड़ी इलाकों में बारिश का असर अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा और 28 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।