व्हीलचेयर पर बैठे बिग बी

व्हीलचेयर पर बैठे बिग बी

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपने किरदार में पूरी तरह से डूब जाते है। हालांकि उनका यह सपर्मण कभी-कभी निर्माताओं की सिरदर्दी भी बन जाता है। इसका हालिया उदाहरण है बिग बी की फिल्म वजीर। इस फिल्म में अपनी व्हीलचेयर के चक्कर में बिग बी ने सभी को परेशान कर दिया था। 

बिग बी बॉलीवुड के उन कलाकारों में से है, जो अपने किरदार को पर्दे पर हिट करने के लिए कुछ भी कर लेते है। हाल ही में उन्होंने ऐसा ही कुछ किया जिसने सभी को हैरान कर दिया। दरअसल फिल्म वजीर में बिग बी एक विकलांग शतरंज खिलाड़ी का किरदार निभा रहे हैं। इसके लिए उन्हें एक व्हीलचेयर की जरूरत थी, जिस पर बैठकर उन्हें शतरंज खेलना था। जब सेट पर बिग बी के लिए व्हीलचेयर लाई गई तो उन्हें वह पसंद नहीं आई और उन्होंने क्रू से इसे बदलने को कहा। इसके बाद बिग बी ने एक के बाद एक करीब 43 व्हीलचेयर ट्राई की, लेकिन उन्हें कोई पसंद नहीं आई। फिर जाकर 44वीं व्हीलचेयर को उन्होंने फाइनल किया। 

दरअसल बिग बी ऐसी व्हीलचेयर चाहते थे, जिसके साथ वह सहज हों और वह दिखने में भी अच्छी हो। उनकी इस हरकत ने पूरी टीम को परेशान कर दिया था, लेकिन बिग बी थे कि व्हीलचेयर के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहते थे। फिल्म वजीर में बिग बी के साथ एक्टर और प्रोड्यूसर फरहान अख्तर अहम भूमिका निभा रहे है। यह फिल्म इस साल 18 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

व्हीलचेयर के इस मामले में सिर्फ 43 बार व्हीलचेयर तो बदलनी ही पड़ी, बल्कि फिल्म की पूरी यूनिट ने इसके लिए बहुत मेहनत की। सूत्रों की मानें तो इसमें चार महीने का लंबा समय भी लग गया। चार महीनों के अंदर निर्माता विधु विनोद चोपड़ा ने बिग बी के घर 43 अलग-अलग तरह की व्हीलचेयर भेजीं लेकिन उन्हें कोई भी रास नहीं आई। पहले बिग बी को लग रहा था कि वह किसी भी नॉर्मल व्हीलचेयर को ही फाइनल कर लेंगे, लेकिन बाद में उन्होंने इसका चयन करते-करते पूरे चार महीने लगा दिए।

बिग बी अपने लुक के साथ नए-नए प्रयोग करने में हमेशा माहिर रहे हैं। उनकी पा और शमिताभ जैसी फिल्में इसी का उदाहरण है। बिजॉय नांबियार के निर्देशन में बन रही फिल्म वजीर में भी अब वह एक नए अवतार में दिखने वाले है। इस स्पेशल लुक के लिए बिग बी एक विग पहने दिखे थे। सूत्रों की मानें तो इस विग की कीमत 17 लाख रुपये है। इसे एक विदेशी डिजाइनर ने डिजाइन किया है।

अमिताभ की फिल्म वजीर पिछले कई महीनों से लोगों के बीच सुर्खियां बटोर रही है। कुछ ही दिन पहले इस फिल्म का दूसरा टीजर रिलीज हुआ था। फिल्म के पहले टीजर में जहां फरहान और बिग बी की एक खास झलक देखने को मिली थी। वहीं दूसरे टीजर में दोनों सितारे उभरकर सामने आए। सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर दूसरे टीजर को भी लोगों ने खूब शेयर किया। यह फिल्म कई मायनों में खास है। इसके जरिए पहली बार फरहान किसी एक्शन फिल्म में काम कर रहे है। उन्होंने अपने फिल्मी कॅरियर में इससे पहले कभी भी गन नहीं उठाई थी, लेकिन अब उन्होंने वजीर में यह भी कर लिया है। पहली बार फरहान को एक्शन अवतार में देखना बेहद दिलचस्प होगा।

 

Leave a comment