
प्रगति मैदान में आज से 28वां विश्व पुस्तक मेला शुरू हो रहा है। विश्व पुस्तक मेला प्रगति मैदान में 4 जनवरी से 12 जनवरी तक आयोजित होगा।
दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित विश्व पुस्तक मेले की थीम 'गांधी लेखकों के लेखक' रखी गई है। विश्व पुस्तक मेले में इस वर्ष महात्मा गांधी पर एक विशेष मंडप तैयार किया गया है। पुस्तक मेले में करीब 600 प्रकाशकों की हजारों पुस्तकें रखी गई हैं। भारतीय प्रकाशकों के अलावा यूरोप और एशिया के 23 देशों की पुस्तकों को भी यहां स्थान दिया गया है।
राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के मुताबिक मेले की थीम 'गांधी लेखकों के लेखक' रखने का उद्देश्य यह है कि महात्मा गांधी एक सफल लेखक, संपादक और स्वयं प्रकाशक भी थे। उन्होंने गुजराती हिंदी और अंग्रेजी भाषा में लिखा जिसे पढ़ने में पाठक विशेष रुचि रखते हैं।
विश्व पुस्तक मेले में इस बार पुस्तक प्रेमियों के लिए 1300 से अधिक स्टॉल्स लगाए गए हैं। लेखकों, विद्वानों के साथ संवाद परिचर्चा का भी आयोजन किया गया है। इन कार्यक्रम में भाग लेने वाली मुख्य हस्तियां डॉ. राकेश पांडे, डॉ. वर्षा दास, अफलातून, अविनाश दूबे, डॉ विलियम, भास्करन, पूर्व न्यायमूर्ति नरेंद्र चपलगांवकर आदि हैं।
मेले का उद्घाटन केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक करेंगे। मेले में नेत्रहीन पाठकों के लिए विशेष रूप से ब्रेल पुस्तकों को रखा गया है। अब तक हिंदी अंग्रेजी तथा अन्य भारतीय भाषाओं में 250 ब्रेल पुस्तकें प्रकाशित की जा चुकी है। दृष्टिबाधित पाठकों के लिए ब्रेल पुस्तकें विश्व पुस्तक मेले में रखी गई हैं।
Leave a comment