Kanjhawala Case: दिल्ली पुलिस पर बड़ा एक्शन, लापरवाही के आरोप में 11 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Kanjhawala Case: दिल्ली पुलिस पर बड़ा एक्शन, लापरवाही के आरोप में 11 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Anjali Death Case: कंझावला केस में दिल्ली पुलिस पर बड़ा एक्शन हुआ है। घटना के दिन लापरवाही के आरोप में दिल्ली पुलिस के 11 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। जिन 11 पुलिसकर्मियों पर एक्शन हुआ है वो सभी घटना वाली रात रोहिणी जिले में पीसीआीर और पिकेट पर तैनात थे। 

दरअसल, दिल्ली पुलिस की स्पेशल कमिश्नर शालिनी सिंह की अध्यक्षता वाली कमेटी की ओर से केंद्रीय गृह मंत्रालय (Union Home Ministry) को रिपोर्ट सौंपी गई। गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को रास्ते में पड़ने वाली 3 पीसीआर और 2 पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों को तत्काल सस्पेंड करने के भी आदेश दिए। 
 
मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक, सीनियर पुलिस अधिकारी शालिनी सिंह की रिपोर्ट में सबकी लापरवाही पाई गई है। इस रिपोर्ट के आधार पर गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को कड़े निर्देश जारी किए। जिसके बाद 11 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। 
 
मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि जिस वक्त वारदात हुई, इलाके के डीसीपी स्पष्टीकरण दें कि कानून व्यवस्था के क्या इंतजाम थे। अगर कुछ उचित जवाब नहीं है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। एक अन्य निर्देश में कहा गया है कि वारदात की जगह के आस-पास इलाकों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए।
 
चौकन्नी नहीं थी पुलिस 
 
गौरतलब है कि दिल्ली के कंझावला में अंजलि की मौत 31 दिसंबर और 1 जनवरी की दरमियान रात को हुई थी। लगभग 12 किलोमीटर तक गाड़ी के नीचे घसीटी गई अंजलि के बारे में किसी पुलिस कर्मी को नहीं पता था। 12 किलोमीटर तक के रास्ते में एक भी पीसीआर वैन या पुलिस की गाड़ी मौजूद नहीं थी। नए साल के जश्न के दौरान पूरे शहर में दिल्ली पुलिस के पुख्ता सुरक्षा के दावों के बीच अंजलि ने सड़क पर ही दम तोड़ दिया।

Leave a comment