
American Air Strike on Syria: संयुक्त राज्य अमेरिका ने 8दिसंबर (रविवार) को सीरिया में ISIS के ठिकानों पर दर्जनों एयर स्ट्राइक किए। ये हमले उस दिन हुए, जब इस्लामिक विद्रोहियों ने सीरिया की राजधानी दमिश्क पर कब्जा कर लिया और बशर अल-असद के शासन को उखाड़ फेंका। असद, जो पांच दशकों से देश के शासक थे, अपने परिवार के साथ सीरिया छोड़कर रूस की राजधानी मॉस्को पहुंच गए। इसके साथ ही असद परिवार का पांच दशक पुराना शासन समाप्त हो गया।
ISIS के ठिकानों पर सटीक एयर स्ट्राइक
अमेरिकी सेना ने इन हमलों में ISIS (इस्लामिक स्टेट) के ठिकानों को निशाना बनाया। यह आतंकी समूह सीरिया में लंबे समय से सक्रिय था। अमेरिका ने इसे नष्ट करने के लिए मध्य सीरिया में 75सटीक एयर स्ट्राइक कीं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, इन हमलों का उद्देश्य ISIS के ऑपरेशनों को रोकना था ताकि वे सीरिया और आसपास के क्षेत्रों में आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ा न सकें।
राष्ट्रपति जो बाइडन की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए चेतावनी दी कि असद शासन का पतन मध्य पूर्व में अनिश्चितता और जोखिम का कारण बन सकता है। बाइडन ने कहा, “अगर ISIS इस स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश करेगा, तो हम इसे होने नहीं देंगे।”
ISIS और HTS बीच के संबंध
सीरिया में मुख्य विद्रोही समूह हयात तहरीर अल-शाम (HTS) के प्रमुख अबू मोहम्मद अल-जोलनी पहले ISIS से जुड़े हुए थे, लेकिन बाद में HTS ने खुद को ISIS से अलग कर लिया और इसके खिलाफ अभियान चलाया। हालांकि, ISIS का प्रभाव सीरिया में अभी भी मौजूद है, और अमेरिका द्वारा किए गए ये हमले इस समूह की गतिविधियों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से थे।
Leave a comment