Paris Olympics 2024: ट्रेनों में तोड़फोड़...आगजनी, ओलंपिक उद्घाटन समारोह से पहले जल उठा शहर, जानें क्यों फैली अराजकता?

Paris Olympics 2024: ट्रेनों में तोड़फोड़...आगजनी, ओलंपिक उद्घाटन समारोह से पहले जल उठा शहर, जानें क्यों फैली अराजकता?

Paris Olympics 2024: पेरिस ओलंपिक शुरू होने में बस कुछ ही घंटे बचे हैं। उसको लेकर पूरी तैयारी जोरों पर है। भारत समेत दुनियाभर के देशों के खिलाड़ियों की टीमें वहां पहुंच चुकी हैं। इन सबके बीच वहां से एक बेहद बुरी खबर आ रही है। पेरिस में रेलवे लाइनों और प्लेटफॉर्मों पर भारी तोड़फोड़ हुई है। फ्रांसीसी ट्रेन ऑपरेटर एसएनसीएफ ने पेरिस ओलंपिक के उद्घाटन समारोह से कुछ घंटे पहले शुक्रवार को कहा कि फ्रांस का हाई-स्पीड रेल नेटवर्क आगजनी और तोड़फोड़ सहित कई दुर्भावनापूर्ण कृत्यों से प्रभावित हुआ है। इस घटना के बाद पेरिस की परिवहन व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है।

ट्रेन ऑपरेटर कंपनी ने जारी किया आधिकारिक बयान

फ्रांस की ट्रेन ऑपरेटर कंपनी एसएनसीएफ ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि 'यह हमला यहां के रेल नेटवर्क को गंभीर रूप से निष्क्रिय करने की एक बड़ी साजिश है।' उनकी ओर से आगे बताया गया कि 'इस हमले के कारण कई रूट रद्द करने पड़ेंगे। वहीं इस हमले को लेकर नेशनल रेल ऑपरेटर की ओर से कहा गया कि, 'एसएनसीएफ रात भर में एक साथ कई हमलों का शिकार हुआ है। इन हमलों से इसकी अटलांटिक, उत्तरी और पूर्वी लाइनें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

ओलिंपिक खेलों पर मंडरा रहा है खतरा

यह पहली बार है कि समर ओलंपिक मुख्य एथलेटिक्स स्टेडियम से दूर आयोजित किया जा रहा है, और वह भी ऐसे समय में जब फ्रांस में कई अराजक घटनाएं हो रही हैं। फ्रांस का एक वर्ग नहीं चाहता कि देश में ओलंपिक खेल आयोजित हों। उनके मुताबिक देश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, बेरोजगारी चरम पर है, इसलिए देश को ओलंपिक का आयोजन नहीं करना चाहिए। साथ ही यह ओलंपिक फ्रांस में ऐसे समय में हो रहा है जब आतंकी हमलों को लेकर सबसे ज्यादा अलर्ट जारी किया गया है।

 

Leave a comment