DOGE से विदाई के बाद Elon Musk का फूटा गुस्सा, ट्रंप के टैक्स बिल को बताया बर्बादी

DOGE से विदाई के बाद Elon Musk का फूटा गुस्सा, ट्रंप के टैक्स बिल को बताया बर्बादी

Elon Musk On Trump's Tax Bill: दुनिया के सबसे अमीर इंसान और टेस्ला के CEO एलन मस्क ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैक्स और खर्च बिल की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इस बिल को अत्यधिक खर्चीला करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह अमेरिका के बजट घाटे को 2.5 ट्रिलियन डॉलर तक बढ़ा देगा। मालूम हो कि एलन मस्क की यह टिप्पणी ट्रंप प्रशासन से अलग होने के ठीक एक हफ्ते बाद आई है। जो दोनों के बीच बढ़ते मतभेदों की ओर इशारा करते है।

ट्रंप के टैक्स और खर्च बिल पर एलन मस्क के बोल

एलन मस्क ने ट्रंप के टैक्स और खर्च बिल की कड़ी निंदा की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा 'मैं अब और बर्दाश्त नहीं कर सकता। यह भारी-भरकम, फिजूलखर्ची से भरा कांग्रेस का खर्च बिल एक घृणित चीज है। जिन्होंने इसके लिए वोट किया, उन्हें शर्मिंदगी महसूस होनी चाहिए।'

एलन मस्क ने दावा किया कि यह बिल अमेरिका के पहले से ही विशाल बजट घाटे को 2.5 ट्रिलियन डॉलर तक बढ़ाएगा और नागरिकों पर कर्ज का बोझ डालेगा। उन्होंने पहले भी इस बिल पर निराशा जताते हुए कहा था 'एक बिल बड़ा हो सकता है या सुंदर हो सकता है। लेकिन मुझे नहीं लगता कि यह दोनों हो सकता है।'

क्या है ट्रंप के टैक्स और खर्च बिल का विवाद?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के के टैक्स और खर्च बिल को 'ट्रंप वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट' कहा जाता है। इस बिल को पिछले हफ्ते अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने 215-214 के मामूली अंतर से पारित किया। यह बिल ट्रंप के 2017 के टैक्स कट्स को बढ़ाने, रक्षा और सीमा सुरक्षा खर्च को बढ़ाने और मेडिकेड व SNAP (फूड स्टैम्प) जैसे सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों में कटौती करने का प्रावधान करता है। एक रिपोर्ट की मानें तो यह बिल अगले दशक में राष्ट्रीय कर्ज में 3.8 ट्रिलियन डॉलर जोड़ेगा। जबकि कटौती से केवल 1 ट्रिलियन डॉलर की बचत होगी।

टैक्स और खर्च बिल पर ट्रंप का बयान

ट्रंप ने मस्क की आलोचना को हल्के में लिया और कहा कि वह बिल के कुछ हिस्सों से खुश नहीं हैं। लेकिन टैक्स कट्स जैसे पहलुओं से खुश हैं। उन्होंने कहा 'हमें बहुत सारे वोट चाहिए। इसलिए हम कटौती नहीं कर सकते, हमें समर्थन चाहिए।' ट्रंप ने यह भी दावा किया कि बिल आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा और यह अमेरिका के लिए सुनहरा युग साबित होगा।

Leave a comment